राजस्थान पर्यटन नीति,2025

प्रश्न – राजस्थान पर्यटन नीति, 2025 के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) इस नीति में ‘शौर्य सर्किट’ और ‘बर्ड–वॉचिंग सर्किट’ जैसे नए पर्यटन आकर्षणों के विकास का प्रावधान है।
(b) नीति में पर्यटन परियोजनाओं की अनुमति के लिए दो-स्तरीय (Two-tier) ऑफ़लाइन मंजूरी प्रणाली अनिवार्य की गई है।
(c) पर्यटकों की सुरक्षा हेतु 24×7 कॉल सेंटर, पैनिक-बटन आधारित प्रणाली और टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स की व्यवस्था शामिल है।
(d) नीति में निजी निवेश को बढ़ावा देने, कौशल विकास केंद्र स्थापित करने और विशेष पर्यटन क्षेत्रों (STZ) के विकास का प्रावधान है।
उत्तर – (b)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 3 दिसंबर, 2025 को राजस्थान मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में राजस्थान पर्यटन नीति,2025 का अनुमोदन किया गया।
  • इस नीति में निजी क्षेत्र के निवेश को व्यापक प्रोत्साहन देने, अत्याधुनिक पर्यटन अवसंरचना के विकास, प्रमुख पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों को उन्नत करने, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार, वैश्विक स्तर पर ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग को सशक्त करने तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटन इकाइयों के लिए अनुकूल और आकर्षक परिवेश तैयार करने पर विशेष बल दिया गया है।
  • इस नीति में धार्मिक पर्यटन मार्गों का सुव्यवस्थित विकास, वन एवं धार्मिक क्षेत्रों के निकट पर्यटन–हब, ‘शौर्य सर्किट’ और ‘बर्ड–वॉचिंग सर्किट’ जैसे नवीन आकर्षणों का सृजन, प्रमुख स्थलों पर प्रोजेक्शन मैपिंग एवं लाइट–एंड–साउंड शो की व्यवस्था, पर्यटकों के लिए प्रीपेड टैक्सी बूथ की सुविधा, ई–व्हीकल आधारित टूर कार्यक्रमों का संचालन, राजस्थान ट्रैवल कार्ड के माध्यम से एकीकृत पर्यटन सेवाओं का विस्तार तथा होम–स्टे एवं पेइंग–गेस्ट आवास सुविधाओं को बढ़ावा देने जैसे अनेक दूरदर्शी एवं व्यापक प्रावधान सम्मिलित किए गए हैं।
  • इस नीति के अंतर्गत चयनित जिलों में विशेष पर्यटन क्षेत्र (STZ) विकसित करने, पर्यटन परियोजनाओं की अनुमति एवं निगरानी हेतु एकीकृत सिंगल–वेब पोर्टल स्थापित करने, सार्वजनिक–निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले पर्यटन प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने, पर्यटन क्षेत्र में श्रेष्ठ मानव संसाधन उपलब्ध कराने हेतु स्किलिंग सेंटर्स की स्थापना करने तथा पर्यटन विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप प्रदान करने की घोषणा की गई है।
  • सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प और स्थानीय परंपराओं को सहेजने एवं बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘क्राफ्ट म्यूज़ियम’ स्थापित करने, नए पर्यटन पोर्टल, मोबाइल ऐप एवं डिजिटल संग्रहालयों के विकास, हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने तथा राज्य के प्रमुख मेलों एवं उत्सवों को भव्य और आकर्षक स्वरूप में आयोजित करने की योजना नीति में समाहित है।
  • इसके साथ ही, एस्ट्रो–टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, कलनरी/फूड टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और बड़े मनोरंजन परियोजनाओं के उन्नयन को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
  • पर्यटकों की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु 24×7 कॉल सेंटर की स्थापना, टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स का गठन, पैनिक–बटन आधारित सुरक्षा प्रणाली, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी एवं त्वरित फीडबैक सिस्टम जैसी आधुनिक व्यवस्थाएँ भी नीति में शामिल की गई हैं, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय अनुभव प्रदान किया जा सके।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://government.economictimes.indiatimes.com/news/economy/rajasthan-launches-ambitious-tourism-policy-2025-to-boost-infrastructure-and-experience/125908046

https://dipr.rajasthan.gov.in/press-release-detail/229470/85