प्रश्न – ‘शक्तिदूत 2.0’ योजना के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –
- यह गुजरात सरकार की योजना है, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
- योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों को दी जाने वाली अधिकतम वित्तीय सहायता 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है।
- योजना का लाभ केवल सक्षम खिलाड़ियों को मिलेगा; पैरा और दिव्यांग खिलाड़ी इसके दायरे से बाहर हैं।
- जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान के लिए आवेदन की न्यूनतम आयु सीमा घटाकर 9 वर्ष से अधिक कर दी गई है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1, 2 और 4
(c) केवल 2, 3 और 4
(d) 1, 2, 3 और 4
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 12 अगस्त, 2026 को गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में राज्यव्यापी स्तर पर‘शक्तिदूत 2.0’ योजना का शुभारंभ किया।
- इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें आवश्यकतानुसार खेल सुविधाएं, पौष्टिक आहार, आधुनिक उपकरण, भारत और विदेश में प्रशिक्षण, विशेषज्ञ प्रशिक्षक और चिकित्सा सहायता प्रदान करना है, ताकि उन्हें ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के लिए तैयार किया जा सके।
- नई ‘शक्तिदूत 2.0’ योजना के तहत खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए वित्तीय सहायता में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
- खिलाड़ियों की जरूरतों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम सहायता राशि 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है।
- इसके अलावा, समावेशिता को प्राथमिकता देते हुए, इस योजना के तहत पैरा, बधिर, दृष्टिबाधित और दिव्यांगों को भी समान अवसर और समान सहायता प्रदान की जाएगी।
- इस योजना के अंतर्गत आने वाले खिलाड़ियों की संख्या में भी चरणबद्ध तरीके से वृद्धि की जाएगी।
- जमीनी स्तर से ही नई प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए आवेदन करने की न्यूनतम आयु सीमा भी 12 से 20 वर्ष से घटाकर 9 वर्ष से अधिक कर दी गई है।
- नए सुधारों के अनुसार, खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर निरंतर सहायता मिलेगी और निर्धारित समय सीमा हटा दी गई है।
- चयन प्रक्रिया को अधिक पेशेवर और पारदर्शी बनाने के लिए, स्क्रीनिंग और चयन समिति में खेल विशेषज्ञों की भागीदारी के साथ एक वैज्ञानिक अंक-आधारित अंकन प्रणाली शुरू की गई है, जिसमें ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी प्रतियोगिताओं को उचित प्राथमिकता दी गई है।
- इसके अलावा, जो खिलाड़ी शक्तिदूत योजना में शामिल नहीं हैं, लेकिन वर्ष के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उन्हें ‘शक्तिदूत बी’ पहल के तहत तत्काल वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
- खिलाड़ियों के वार्षिक और द्विवार्षिक मूल्यांकन के माध्यम से प्रदर्शन के आधार पर श्रेणियों को उन्नत करने के लिए एक पारदर्शी प्रणाली भी विकसित की गई है
- वर्ष 2015 से मूल शक्तिदूत योजना से 1,740 खिलाड़ी, जिनमें 777 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं, लाभान्वित हो चुके हैं।
- इसके अतिरिक्त, उपमुख्यमंत्री ने 799 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया और राज्य भर में 388 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित विभिन्न खेल परिसरों और पुस्तकालयों का ई-भूमि पूजन और ई-उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया।
- इस कार्यक्रम के तहत खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार, सरदार पटेल पुरस्कार और जयदीपसिंहजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…