प्रश्न – लोकटक प्रोटोक्लस्टर के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –
- यह 12.6 अरब वर्ष पुरानी युवा आकाशगंगाओं की एक विशाल संरचना है।
- यह उस समय अस्तित्व में था जब ब्रह्मांड की आयु लगभग 1.2 अरब वर्ष थी।
- इसका नाम मणिपुर की लोकटक झील के नाम पर रखा गया है।
उपर्युक्त में से कौन-से कथन सही हैं?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर – (d)
व्याख्यात्मक उत्तर
- हाल ही में अंतरराष्ट्रीय खगोल वैज्ञानिकों की एक टीम ने 12.6 अरब वर्ष पहले मौजूद युवा आकाशगंगाओं के एक विशाल समूह की खोज की है।
- इस खोज का नेतृत्व भारत के मणिपुर से आने वाले युवा वैज्ञानिक रोनाल्डो लैशराम ने किया है।
- यह खोज ब्रह्मांड की शुरुआती संरचना और आकाशगंगाओं के विकास को समझने में अहम मानी जा रही है।
- लैशराम ने इस विशाल ब्रह्मांडीय संरचना का नाम अपने गृह राज्य मणिपुर की प्रसिद्ध लोकटक झील के नाम पर “लोकटक प्रोटोक्लस्टर” रखा है।
- वैज्ञानिकों के अनुसार, यह प्रोटोक्लस्टर उस समय अस्तित्व में था जब ब्रह्मांड की आयु केवल लगभग 1.2 अरब वर्ष थी।
- यह निष्कर्ष “द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स” में प्रकाशित हुआ है।
- अध्ययन में पाया गया कि इस प्रोटोक्लस्टर में विकसित हो रही आकाशगंगाओं की चार आपस में जुड़ी हुई सघन संरचनाएं हैं।
- वैज्ञानिकों ने इन संरचनाओं की तुलना लोकटक झील में पाए जाने वाले “फुमदी” से की है।
- फुमदी लोकटक झील में तैरने वाले वनस्पति, मिट्टी और जैविक पदार्थों के प्राकृतिक द्वीपों जैसे समूह होते हैं।
- शोधकर्ताओं ने सबसे पहले इस प्रोटोक्लस्टर की पहचान हवाई स्थित जापान के सुबारू टेलीस्कोप की मदद से की।
- इसके बाद जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप के माध्यम से इसका और गहन अध्ययन किया गया।
- लैशराम, जो वर्तमान में जापान के नेशनल एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी ऑफ जापान में पोस्टडॉक्टोरल शोधकर्ता हैं, ने सुबारू टेलीस्कोप के जरिए आकाश का सर्वेक्षण किया।
- इस दौरान उन्होंने लाइमन-अल्फा उत्सर्जन पर विशेष ध्यान दिया।
- लाइमन-अल्फा परमाणु हाइड्रोजन की एक तीव्र पराबैंगनी वर्णक्रमीय रेखा होती है, जिसके माध्यम से प्रारंभिक ब्रह्मांड की आकाशगंगाओं का अध्ययन किया जाता है।
- खगोल विज्ञान में प्रोटोक्लस्टर युवा आकाशगंगाओं का एक समूह होता है, जो शुरुआती ब्रह्मांड में मौजूद होता है।
- यही आगे चलकर पूर्ण विकसित गैलेक्सी क्लस्टर यानी आकाशगंगा समूहों में बदलते हैं।
- इन्हें अक्सर “आकाशगंगाओं के शहर” भी कहा जाता है।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://phys.org/news/2026-05-billion-years-big-galaxies.html