राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017

National Health Policy, 2017 approved by Cabinet

प्रश्न-हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नई राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017 को अनुमोदित कर दिया इसके अनुसार, जन स्वास्थ्य व्यय को समयबद्ध ढंग से जीडीपी के कितने प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया गया है?
(a) 2.0 प्रतिशत
(b) 1.04 प्रतिशत
(c) 2.5 प्रतिशत
(d) 3.0 प्रतिशत
उत्तर-(c)
संबंधित तथ्य

  • 15 मार्च, 2017 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नई ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017’ को अनुमोदित कर दिया।
  • इस नीति का उद्देश्य सभी लोगों विशेषकर अल्पसेवित और उपेक्षित लोगों को सुनिश्चित स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध कराना है।
  • उल्लेखनीय है कि यह नीति बदलते सामाजिक आर्थिक, प्रौद्योगिकीय और महामारी-विज्ञान परिदृश्य में मौजूदा और उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए 15 वर्षों के अंतराल के बाद अस्तित्व में आई है।
  • गौरतलब है कि पिछली ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति’ वर्ष 2002 में बनाई गई थी।
  • इस नीति का लक्ष्य सभी विकास नीतियों में एक निवारक और प्रोत्साहक स्वास्थ्य देखभाल दिशा-निर्देश के माध्यम से सभी वर्गों के लिए स्वास्थ्य और कल्याण का उच्चतम संभव स्तर प्राप्त करना है।
  • जिसके परिणामस्वरूप किसी को भी वित्तीय कठिनाई का सामना किए बिना बेहतरीन गुणवत्तापरक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान करना है।
  • नीति में जन स्वास्थ्य व्यय को समयबद्ध ढंग से जीडीपी के 2.5% तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया गया है।
  • वर्तमान में यह जीडीपी का 1.04 प्रतिशत है।
  • इसके अलावा नीति में जिन प्रमुख लक्ष्यों को प्राप्त करने की अपेक्षा की गई है वे निम्नलिखित हैं-
    (i) जन्म के समय जीवन प्रत्याशा को 67.5 वर्ष से बढ़ाकर वर्ष 2025 तक 70 वर्ष करना।
    (ii) वर्ष 2022 तक प्रमुख वर्गों में रोगों की व्याप्तता तथा इसके रुझान को मापने के लिए विकलांगता समायोजित आयु वर्ष (DALY) सूचकांक की नियमित निगरानी करना।
    (iii) वर्ष 2025 तक राष्ट्रीय और उप-राष्ट्रीय स्तर पर कुल प्रजनन दर (Total Fertility Rate: TFR) को घटाकर 2.1 पर लाना।
    (iv) वर्ष 2025 तक पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में मृत्यु दर को कम करके 23 करना तथा एमएमआर के वर्तमान स्तर को वर्ष 2020 तक घटाकर 100 करना।
    (v) नवजात शिशु मृत्यु दर को घटाकर 16 करना तथा मृत जन्म लेने वाले बच्चों की दर को वर्ष 2025 तक घटाकर एक अंक में लाना।
    (vi) वर्ष 2020 के वैश्विक लक्ष्य को प्राप्त करना जिसे एचआईवी/एड्स के लिए 90:90:90 के लक्ष्य के रूप में परिभाषित किया गया है।
  • अर्थात एचआईवी पीड़ित सभी 90% लोग अपनी एचआईवी स्थिति के बारे में जानते हैं, सभी 90% एचआईवी संक्रमण से पीड़ित लोग स्थायी एंटीरोट्रोवाइरल चिकित्सा प्राप्त करते हैं तथा एंटीरोट्रोवाइरल चिकित्सा प्राप्त करने वाले सभी 90% लोगों में वॉयरल रोकथाम होगा।
    (vii) वर्ष 2018 तक कुष्ठ रोग, वर्ष 2017 तक कालाजार तथा वर्ष 2017 तक लिम्फेटिक फाइलेरियासिस का उन्मूलन करना तथा इस स्थिति को बनाए रखना।
    (viii) क्षयरोग के नए स्पुटम पॉजिटिव रोगियों में 85% से अधिक की इलाज दर को प्राप्त करना और उसे बनाए रखना तथा नए मामलों में कमी लाना ताकी वर्ष 2025 तक इसे समाप्त किया जा सके।
    (ix) वर्ष 2025 तक दृष्टिहीनता की व्याप्तता को घटाकर 0.25/1000 करना तथा रोगियों की संख्या को वर्तमान स्तर से घटाकर एक-तिहाई करना।
    (x) हृदयवाहिका रोग, कैंसर, मधुमेह या सांस के पुराने रोगों से होने वाली अकाल मृत्यु को वर्ष 2025 तक घटाकर 25% करना।
  • नीति में गैर-संचारी रोगों की उभरती चुनौतियों से निपटने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
  • नीति में आयुष प्रणाली के त्रि-आयामी एकीकरण की परिकल्पना की गई है जिसमें क्रांस रेफरल, सह-स्थल और औषधियों की एकीकृत पद्धतियां शामिल हैं।
  • इसके अलावा नीति में औषधियों और उपकरणों का सुलभता से विनिर्माण करने, मेक इन इंडिया को प्रोत्साहित करने तथा चिकित्सा शिक्षा में सुधार करने की अपेक्षा की गई है।

संबंधित लिंक
http://pib.nic.in/newsite/PrintRelease.aspx?relid=159376
http://pib.nic.in/newsite/PrintRelease.aspx?relid=159380
http://pib.nic.in/newsite/hindirelease.aspx?relid=59991
http://mohfw.gov.in/showfile.php?lid=3014
http://zeenews.india.com/health/national-health-policy-2017-all-you-need-to-know-1987142

One thought on “राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017”

Comments are closed.