प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-सा कथन ‘प्रोजेक्ट सनकैचर’ के संबंध में सही नहीं है?
(a) इस परियोजना का उद्देश्य पृथ्वी की सतह पर सौर ऊर्जा से संचालित AI कंप्यूटिंग अवसंरचना का निर्माण करना है।
(b) इस परियोजना में सौर-ऊर्जा संचालित उपग्रह समूहों को गूगल के TPUs से लैस किया जाएगा।
(c) उपग्रहों के बीच डेटा ट्रांसफर के लिए सघन तरंगदैर्ध्य विभाजन बहुसंकेतन (DWDM) एवं स्थानिक बहुसंकेतन तकनीकें प्रयुक्त होंगी।
(d) 650 किमी. ऊँचाई पर उपग्रहों को औसतन 100–200 मीटर दूरी पर स्थिर रखना संभव पाया गया।
उत्तर – (a)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 4 नवंबर, 2025 को गूगल ने अपनी महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष अनुसंधान परियोजना ‘प्रोजेक्ट सनकैचर (Project Suncatcher)’ की घोषणा की।
- इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य अंतरिक्ष में सौर-ऊर्जा से संचालित कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कंप्यूटिंग अवसंरचना का निर्माण करना है।
- सूर्य हमारे सौरमंडल का सर्वोच्च ऊर्जा स्रोत है, जो मानवता की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता से लगभग 100 खरब गुना (100 ट्रिलियन गुना अधिक) अधिक शक्ति उत्सर्जित करता है।
- अंतरिक्ष में, विशेष कक्षा में स्थापित सौर पैनल पृथ्वी की तुलना में लगभग आठ गुना अधिक ऊर्जा उत्पन्न कर सकते हैं और लगभग निरंतर रूप से संचालित रह सकते हैं।
- इसी तथ्य को आधार बनाकर गूगल ने यह विचार प्रस्तुत किया कि भविष्य में अंतरिक्ष कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI Compute) के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बन सकता है।
- ‘प्रोजेक्ट सनकैचर’ इसी दृष्टिकोण से प्रेरित है, यह सौर ऊर्जा से संचालित उपग्रह समूहों (solar-powered satellite constellations) की कल्पना करता है, जो गूगल के टीपीयू (Tensor Processing Units -TPUs) से युक्त होंगे और फ्री-स्पेस ऑप्टिकल लिंक्स के माध्यम से परस्पर जुड़े रहेंगे।
- इस प्रकार, पृथ्वी के संसाधनों पर न्यूनतम प्रभाव डालते हुए एक विशाल, स्केलेबल (विस्तार योग्य) AI नेटवर्क अंतरिक्ष में स्थापित किया जा सकेगा।
- अंतरिक्ष में स्थापित ऐसे नेटवर्क को सफल बनाने के लिए उपग्रहों के बीच अत्यंत तेज़ और विश्वसनीय डेटा संचार आवश्यक है।
- गूगल के विश्लेषण के अनुसार,सघन तरंगदैर्ध्य विभाजन बहुसंकेतन (DWDM) और स्थानिक बहुसंकेतन जैसी तकनीकों के माध्यम से प्रति सेकंड दर्जनों टेराबिट डेटा ट्रांसफर संभव है।
- हालांकि, इसके लिए उपग्रहों को बहुत निकट (कुछ किलोमीटर या उससे कम दूरी) पर उड़ाना होगा, ताकि सिग्नल लॉस न्यूनतम रहे।
- प्रयोगशाला स्तर पर किए गए परीक्षणों में 1.6 टेराबिट प्रति सेकंड (Tbps) की दो-तरफ़ा (द्विदिशात्मक) डेटा गति सफलतापूर्वक प्राप्त की गई।
- इन उपग्रहों को आपस में बहुत नजदीक बनाए रखना एक जटिल कार्य है। इसके लिए गूगल ने हिल-क्लोहेसी-विल्टशायर समीकरणों पर आधारित भौतिकीय मॉडल तैयार किया है, जो पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण शक्तियों, वायुगतिकीय घर्षण और कक्षीय गतिशास्त्र का सटीक अनुकरण करता है।
- अध्ययन से पता चला है कि 650 किमी ऊँचाई पर, लगभग 100–200 मीटर की औसत दूरी पर उपग्रहों को स्थिर रखना संभव है और इसके लिए केवल न्यूनतम स्टेशन-कीपिंग युद्धाभ्यास की आवश्यकता होगी।
- गूगल ने अपने नवीनतम ट्रिलियम v6e क्लाउड टीपीयू का 67 MeV प्रोटॉन बीम द्वारा परीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि उच्च बैंडविड्थ मेमोरी(HBM) सबसे संवेदनशील भाग है।
- फिर भी, यह केवल 2 krad(Si) विकिरण खुराक के बाद ही कुछ अनियमितता दिखाता है, जबकि पांच वर्षों के मिशन में अनुमानित खुराक मात्र 750 rad(Si) होगी।
- इससे यह निष्कर्ष निकला कि टीपीयू हार्डवेयर अंतरिक्ष उपयोग के लिए पर्याप्त रूप से विकिरण-रोधी (radiation-hardened) है।
- अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग अवसंरचना स्थापित करने की सबसे बड़ी बाधा उच्च प्रक्षेपण लागत (launch cost) रही है।
- परंतु हाल के वर्षों में प्रक्षेपण मूल्य में निरंतर गिरावट दर्ज की गई है।
- गूगल के विश्लेषणानुसार, 2030 के दशक के मध्य तक यह लागत 200 डॉलर प्रति किलोग्राम से कम हो सकती है।
- यदि ऐसा होता है, तो अंतरिक्ष-आधारित डेटा केंद्र की लागत पृथ्वी-आधारित डेटा केंद्रों की ऊर्जा लागत के तुलनीय होगी।
- प्रारंभिक विश्लेषण यह संकेत देता है कि प्रोजेक्ट सनकैचर की अवधारणा न तो भौतिकी के सिद्धांतों के विपरीत है और न ही आर्थिक रूप से असंभव।
- हालांकि, अभी भी अनेक इंजीनियरिंग चुनौतियाँ जैसे ताप प्रबंधन (thermal management), उच्च-बैंडविड्थ जमीनी संचार (ground communication) तथा दीर्घकालिक विश्वसनीयता (system reliability) शेष हैं।
- गूगल ने अगला लक्ष्य निर्धारित किया है —प्लैनेट कंपनी के साथ साझेदारी में वर्ष 2027 की शुरुआत तक दो प्रोटोटाइप उपग्रहों का प्रक्षेपण।
- यह मिशन अंतरिक्ष में टीपीयू हार्डवेयर की कार्यक्षमता और ऑप्टिकल लिंक के प्रदर्शन का वास्तविक परीक्षण करेगा।
- भविष्य में, यह परियोजना गीगावाट-स्तरीय सौर कंप्यूटिंग नेटवर्क के रूप में विकसित हो सकती है, जिसमें ऊर्जा संग्रह, गणना और ताप प्रबंधन का समेकित (integrated) ढांचा होगा।
- गूगल का प्रोजेक्ट सनकैचर उसकी उन ऐतिहासिक मूनशॉट परंपराओं का नवीन अध्याय है, जिनके अंतर्गत क्वांटम कंप्यूटर और स्वायत्त वाहन (Waymo) जैसी अवधारणाएँ जन्मीं।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://blog.google/technology/research/google-project-suncatcher/