प्रश्न – 9 जून, 2026 को उत्तर प्रदेश में शुरू किए गए प्रोजेक्ट ‘गंगा’ के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए—
- इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 20 लाख परिवारों को हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी देने का लक्ष्य है।
- इसके माध्यम से 8 से 10 हजार डिजिटल सेवा प्रदाताओं को तैयार किया जाएगा।
- इस परियोजना से केवल सरकारी कर्मचारियों के लिए रोजगार सृजित होंगे।
सही उत्तर चुनिए—
(a) केवल 1
(b) केवल 1 और 2
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 9 जून, 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रोजेक्ट ‘गंगा’ (गवर्नमेंट असिस्टेड नेटवर्क फार ग्रोथ एंड एडवांसमेंट) का शुभारंभ किया।
- इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर तक डिजिटल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना और साथ ही डिजिटल शिक्षा, टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस, कौशल विकास और प्रौद्योगिकी आधारित रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है।
- इस प्रोजेक्ट के तहत, राज्य भर में डिजिटल सेवा प्रदाताओं (डीएसपी) का एक व्यापक नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
- इस पहल के माध्यम से, सरकार का लक्ष्य लगभग 20 लाख परिवारों को हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान करना, 8 से 10 हजार डिजिटल सेवा प्रदाताओं को तैयार करना और एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करना है।
- इस प्रोजेक्ट का पहला चरण 21 जिलों में शुरू किया जा रहा है, जिसमें हिंदुजा समूह की ब्रॉडबैंड शाखा वनओटीटी एंटरटेनमेंट लिमिटेड ‘नॉलेज पार्टनर’ और ‘इंप्लीमेंटेशन इनेबलर’ के रूप में योगदान देगी।
- इस प्रोजेक्ट को आगे चलकर प्रदेश की सभी 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों और लगभग 8 हजार न्याय पंचायतों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
- इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत महिला उद्यमिता को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिसमें लगभग 50% महिला उद्यमियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://newsonair.gov.in/uttar-pradesh-launches-project-ganga-to-boost-rural-digital-connectivity