प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-सा कथन 13 अक्टूबर, 2025 को लॉन्च किए गए ‘पीएम गतिशक्ति पब्लिक’ प्लेटफ़ॉर्मं के संबंध में सही नहीं है?
(a) ‘पीएम गतिशक्ति पब्लिक’ प्लेटफ़ॉर्म का शुभारंभ नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल द्वारा किया गया।
(b) यह प्लेटफ़ॉर्म भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N) द्वारा तैयार किया गया है।
(c) यह प्लेटफ़ॉर्म केवल सरकारी विभागों के लिए उपलब्ध होगा तथा निजी क्षेत्र को कोई पहुंच नहीं दी जाएगी।
(d) इस प्लेटफ़ॉर्म में यूनिफाइड जियोस्पेशियल इंटरफेस (UGI) के माध्यम से मल्टी-लेयर जियोस्पेशियल डेटा का दृश्यांकन संभव है।
उत्तर – (c)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 13 अक्टूबर, 2025 को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘पीएम गतिशक्ति पब्लिक’ प्लेटफ़ॉर्म का शुभारंभ किया।
- इस अवसर पर पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (NMP) के चार वर्षों की परिवर्तनकारी यात्रा का भी उत्सव मनाया गया।
- ‘पीएम गतिशक्ति पब्लिक’ को यूनिफाइड जियोस्पेशियल इंटरफेस (UGI) के माध्यम से विकसित किया गया है।
- यह प्लेटफ़ॉर्म भास्कराचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (BISAG-N) द्वारा तैयार किया गया है तथा इसे नेशनल जियोस्पेशियल डेटा रजिस्ट्री (NGDR) द्वारा संचालित किया जाएगा।
- इस प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से 230 अनुमोदित डाटासेट्स तक नियंत्रित और सुरक्षित पहुंच प्रदान की जाएगी, जिनमें देश के भौतिक और सामाजिक अवसंरचना से संबंधित सूचनाएँ शामिल होंगी।
- इस प्लेटफ़ॉर्म की विशेषता यह है कि उपयोगकर्ता न केवल डेटा तक पहुंच सकते हैं बल्कि साइट उपयुक्तता विश्लेषण, कनेक्टिविटी मैपिंग, एलाइनमेंट प्लानिंग, अनुपालन जांच और विश्लेषणात्मक रिपोर्ट निर्माण भी कर सकते हैं।
- यह सुविधा निजी क्षेत्र, शोधकर्ताओं, सलाहकार संस्थाओं और आम नागरिकों को अवसंरचना परियोजनाओं की प्रभावी योजना और निवेश निर्णय लेने में मदद करेगी।
- इसके अतिरिक्त प्लेटफ़ॉर्म पर मल्टी-लेयर जियोस्पेशियल डेटा का दृश्यांकन भी संभव है, जिससे परियोजनाओं के बेहतर डिज़ाइन और मंत्रालयों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
- डेटा सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए स्व-पंजीकरण (self-registration) के साथ मजबूत प्रमाणीकरण प्रणाली लागू की गई है।
- सरकार ने स्पष्ट किया है कि आगामी चरणों में प्लेटफ़ॉर्म में और अधिक डेटा लेयर तथा उन्नत विश्लेषणात्मक मॉड्यूल जोड़े जाएंगे।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2178555
https://www.newsonair.gov.in/hi/pm-gatishakti-national-master-plan-completes-four-years