प्रश्न – 13 अक्टूबर, 2025 को लॉन्च किए गए “पीएम गतिशक्ति – ऑफशोर” प्लेटफॉर्म के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) यह प्लेटफॉर्म अपतटीय क्षेत्रों में समन्वित योजना निर्माण और प्रबंधन के लिए एक डिजिटल भू-स्थानिक प्लेटफॉर्म है।
(b) इसका उद्देश्य भारत की ब्लू इकॉनमी को सशक्त बनाना और हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करना है।
(c) इस प्लेटफॉर्म में केवल ऊर्जा और पर्यावरण डाटा लेयर सम्मिलित की गई हैं।
(d) . यह प्लेटफॉर्म विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के डाटा को एकीकृत करता है, जिससे योजना निर्माण अधिक वैज्ञानिक और पारदर्शी हो सकेगा।
उत्तर – (c)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 13 अक्टूबर, 2025 को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के लॉजिस्टिक्स प्रभाग द्वारा नई दिल्ली में “पीएम गतिशक्ति – ऑफशोर” प्लेटफॉर्म लांच किया गया।
- इसे नई दिल्ली में आयोजित पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान (NMP) के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लॉन्च किया गया।
- कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने की।
- भारत की लंबी तटीय रेखा और अपतटीय संसाधनों का उपयोग करने की अपार संभावनाएं हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपतटीय क्षेत्रों में समन्वित योजना निर्माण और प्रबंधन के लिए एक डिजिटल भू-स्थानिक (Geospatial) प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है।
- इस प्लेटफॉर्म का प्रमुख उद्देश्य भारत की ब्लू इकॉनमी को सशक्त बनाना, हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन देना तथा तटीय क्षेत्रों में सतत विकास सुनिश्चित करना है।
- यह प्लेटफॉर्म अपतटीय परियोजनाओं जैसे पवन ऊर्जा फार्म, समुद्री संसाधन खोज और तटीय अवसंरचना को वैज्ञानिक और योजनाबद्ध दिशा प्रदान करेगा।
- यह प्लेटफॉर्म निम्नलिखित मंत्रालयों और विभागों के डाटा को एकीकृत करता है, जिसमें नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय, मत्स्य पालन विभाग, खान मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय और दूरसंचार विभाग शामिल हैं।
- इस समन्वय से अपतटीय संसाधनों का उपयोग केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टि से भी अधिक प्रभावी और संतुलित ढंग से किया जा सकेगा।
- यह प्लेटफॉर्म विभिन्न भू-स्थानिक लेयरों (Geospatial Layers) का व्यापक संग्रह प्रस्तुत करता है।
- डाटा को चार प्रमुख डोमेन में वर्गीकृत किया गया है — ऊर्जा एवं संसाधन,पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी,अवसंरचना एवं लॉजिस्टिक्स और महासागर एवं जोखिम डाटा।
- इन लेयरों में अपतटीय पवन, सौर, ज्वारीय और तरंग ऊर्जा की संभावनाएं; तेल एवं गैस क्षेत्र; तटीय विनियमन क्षेत्र; प्रवाल भित्तियाँ और मैंग्रोव क्षेत्र; बंदरगाह, हवाईअड्डे और मछली पकड़ने के केंद्र; समुद्री धाराएं और भूकंप जोखिम जैसी सूचनाएं सम्मिलित हैं।
- इस प्रकार के समेकित डाटा से नीति निर्माण अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और सटीक हो सकेगा।
- यह अपतटीय क्षेत्र प्रबंधन और संसाधन आवंटन के लिए एक समग्र, डेटा-आधारित दृष्टिकोण को सक्षम बनाता है, पर्यावरणीय मूल्यांकन और मंजूरी की प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करता है, और सत्यापित सरकारी स्रोतों से प्रामाणिक भू-स्थानिक डेटा के एक केंद्रीकृत भंडार के रूप में कार्य करता है।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…