दिल्ली मेट्रो फेज–V (A) परियोजना के तहत तीन नए कॉरिडोरों को मंजूरी

प्रश्न – 24 दिसंबर, 2025 को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा दिल्ली मेट्रो की फेज–V (A) परियोजना के अंतर्गत स्वीकृत तीन नए मेट्रो कॉरिडोरों के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) आर.के. आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर की लंबाई 9.913 किमी है और यह बोटैनिकल गार्डन–आर.के. आश्रम मार्ग लाइन का विस्तार है।
(b) एयरोसिटी–IGD टर्मिनल–1 तथा तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज कॉरिडोर, एयरोसिटी–तुगलकाबाद लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किए जाएंगे।
(c) तीनों नए कॉरिडोरों की कुल लंबाई 16.076 किमी है और इनमें कुल 13 नए स्टेशन प्रस्तावित हैं।
(d) परियोजना की कुल लागत 12,014.91 करोड़ रुपये है और इसमें केवल भारत सरकार द्वारा वित्तपोषण किया जाएगा।
उत्तर – (d)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 24 दिसंबर, 2025 को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा दिल्ली मेट्रो की फेज–V (A) परियोजना के अंतर्गत तीन नए मेट्रो कॉरिडोरों को मंजूरी प्रदान की गई।
  • मंजूर किए गए तीन नए मेट्रो कॉरिडोरों में आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (9.913 किमी), एयरोसिटी से इंदिरा गांधी घरेलू हवाई अड्डा टर्मिनल–1 (IGD T-1) (2.263 किमी) और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज (3.9 किमी) शामिल हैं।
  • इन तीनों की कुल लंबाई 16.076 किमी है।
  • परियोजना की कुल लागत 12,014.91 करोड़ रुपये है, जिसे भारत सरकार, दिल्ली सरकार तथा अंतरराष्ट्रीय वित्तीय एजेंसियों के सहयोग से वहन किया जाएगा।
  • इन नए कॉरिडोरों का सबसे बड़ा लाभ सेंट्रल विस्टा क्षेत्र को मिलेगा।
  • आर.के. आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर, बोटैनिकल गार्डन–आर.के. आश्रम मार्ग लाइन का विस्तार होगा और पुनर्विकासाधीन सेंट्रल विस्टा में स्थित सभी कर्तव्य भवनों को मेट्रो से सीधे जोड़ेगा।
  • इससे प्रतिदिन लगभग 60,000 कार्यालय कर्मियों और 2 लाख आगंतुकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा।
  • एयरोसिटी–IGD टर्मिनल–1 तथा तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज कॉरिडोर, एयरोसिटी–तुगलकाबाद लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किए जाएंगे।
  • ये विस्तार दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद, साकेत, छतरपुर और कालिंदी कुंज जैसे क्षेत्रों को सीधे घरेलू हवाई अड्डा टर्मिनल–1 से जोड़ेंगे।
  • कुल मिलाकर इन विस्तारों में 13 नए स्टेशन होंगे, जिनमें 10 भूमिगत और 3 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं।
  • परियोजना के पूर्ण होने के बाद, पश्चिम, उत्तर और पुरानी दिल्ली की मध्य दिल्ली से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, जबकि दक्षिण दिल्ली को हवाई अड्डे से सीधा मेट्रो संपर्क मिलेगा।
  • फेज–IV के अंतर्गत 111 किमी लंबाई और 83 स्टेशनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें तीन प्राथमिकता कॉरिडोरों का लगभग 80.43% सिविल कार्य पूरा हो चुका है और इन्हें दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध रूप से पूरा किए जाने की संभावना है।
  • वर्तमान में 12 मेट्रो लाइनों, 395 किमी नेटवर्क और 289 स्टेशनों के साथ दिल्ली मेट्रो न केवल भारत की सबसे बड़ी, बल्कि विश्व की प्रमुख मेट्रो प्रणालियों में से एक है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2208096&reg=3&lang=1