प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) 28 अप्रैल, 2025 को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत 7 तटीय राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 255 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।
(b) व्यास-एनएवी ऐप को केंद्रीय मत्स्य अनुसंधान बोर्ड (CIFRI) द्वारा विकसित किया गया है।
(c) 5वीं समुद्री मत्स्य गणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें जियो-रेफरेंस आधारित प्रणाली अपनाई जाएगी।
(d) मत्स्य जनगणना के लिए 12 लाख मत्स्य पालक परिवारों को शामिल किया जाएगा।
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 28 अप्रैल, 2025 को मुंबई में आयोजित तटीय राज्य मत्स्य सम्मेलन में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय और पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत 255 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय के साथ 7 तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
- उन्होंने इस सम्मेलन में 5 वीं समुद्री मत्स्य पालन गणना अभियान, कछुआ बहिष्करण डिवाइस पर पीएमएमएसवाई दिशानिर्देश और पोत संचार एवं सहायता प्रणाली के लिए मानक संचालन प्रक्रिया लागू किये जाने जैसी प्रमुख पहलों का भी शुभारंभ किया।
- केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर डिजिटल एप्लीकेशन व्यास-एनएवी युक्त टैबलेट भी वितरित किए और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) के तहत लाभार्थियों को पहली बार एक्वा बीमा (एकमुश्त प्रोत्साहन स्वीकृति-सह-रिलीज़ आदेश) प्रदान किया।
- 5वीं समुद्री जनगणना अभियान के अंतर्गत पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण, गांव-वार डेटा गणनाकर्ताओं की भर्ती और प्रशिक्षण शामिल है।
- इसके पूरा होने के बाद 3 महीने तक चलने वाली वास्तविक गणना गतिविधि होगी।
- यह अभियान दिसंबर, 2025 तक पूरा हो जाएगा।
- भारत सरकार की 5वीं समुद्री मत्स्यिकी जनगणना (MFC 2025) अब पूरी तरह डिजिटल पद्धति से की जाएगी।
- इसके लिए व्यास-एनएवी नामक एक मोबाइल ऐप को लॉन्च किया गया है, जो पारंपरिक तरीकों की जगह जियो-रेफरेंस आधारित, डिजिटल प्रणाली को अपनाएगा।
- इस जनगणना में देशभर के 12 लाख मत्स्य पालक परिवारों को शामिल किया जाएगा।
- – इस विशाल कार्य को मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अधीन मत्स्य पालन विभाग (DoF) द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना (PMMSY) के तहत संचालित किया जा रहा है।
- व्यास-एनएवी ऐप को आईसीएआर-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान (सीएमएफआरआई) ने विकसित किया है, जो इस जनगणना के लिए 9 तटीय राज्यों में प्रमुख एजेंसी है।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…