खान मंत्रालय द्वारा दो और उत्कृष्टता केंद्रों को मान्यता

प्रश्न – 24 अक्टूबर, 2025 को खान मंत्रालय द्वारा किन दो संस्थानों को “राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन (NCMM)” के तहत उत्कृष्टता केंद्र (Centres of Excellence – CoE) के रूप में मान्यता प्रदान की गई?
(a) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली और आईआईटी, खड़गपुर
(b) भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु और सेंटर फॉर मटेरियल्स फॉर इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी (C-MET), हैदराबाद
(c) राष्ट्रीय भूविज्ञान संस्थान, देहरादून और आईआईटी, मद्रास
(d) नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मिनरल्स एंड मेटल्स, नागपुर और आईआईटी, मुंबई
उत्तर – (b)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 24 अक्टूबर, 2025 को खान मंत्रालय ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन (एनसीएमएम) के तहत दो और प्रतिष्ठित संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र (Centres of Excellence – CoE) के रूप में मान्यता प्रदान की है।
  • मान्यता प्राप्त संस्थान हैं – भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु और सेंटर फॉर मटेरियल्स फॉर इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी (C-MET), हैदराबाद)।
  • इन दोनों संस्थानों को मान्यता दिए जाने से पहले सात अन्य संस्थान इस मिशन का हिस्सा बन चुके हैं।
  • इस प्रकार अब कुल नौ उत्कृष्टता केंद्र राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय होंगे।
  • क्रिटिकल मिनरल्स यानी महत्वपूर्ण खनिज वे कच्चे पदार्थ हैं जो आज की उभरती प्रौद्योगिकियों, स्वच्छ ऊर्जा, विद्युत गतिशीलता, अंतरिक्ष, रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे रणनीतिक क्षेत्रों की आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) की रीढ़ माने जाते हैं।
  • इन खनिजों की खोज, परिष्करण और पुनर्चक्रण के लिए उच्च स्तर के अनुसंधान एवं विकास की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
  • इसी दृष्टि से यह मिशन आरंभ किया गया है ताकि देश में एंड-टू-एंड तकनीकी समाधान विकसित किए जा सकें, जो उच्च प्रौद्योगिकी तत्परता स्तर (Technology Readiness Level – TRL 7/8) तक पहुँचकर पायलट संयंत्र और पूर्व-व्यावसायिक प्रदर्शन (Pre-commercial Demonstration) के स्तर पर लागू हो सकें।
  • प्रत्येक उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) हब और स्पोक मॉडल पर एक संघ के रूप में कार्य करेगा।
  • सीओई (हब संस्थान) को सीओई दिशानिर्देशों के अनुसार, संघ में कम से कम दो उद्योग भागीदारों और कम से कम दो अनुसंधान एवं विकास/शैक्षणिक भागीदारों को शामिल करना अनिवार्य है।
  • वर्तमान में स्थापित 9 उत्कृष्टता केंद्रों ने मिलकर लगभग 90 औद्योगिक और शैक्षणिक संस्थानों को अपनी साझेदारी में जोड़ा है।
  • यह मॉडल देशभर के विभिन्न संस्थानों, उद्योगों और अनुसंधान इकाइयों को एक साझा वैज्ञानिक मंच प्रदान करता है, जिससे ज्ञान, कौशल और संसाधनों का समेकन संभव हो सके।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2182381

https://energy.economictimes.indiatimes.com/news/coal/two-more-centres-of-excellence-recognised-by-mines-ministry-under-critical-mineral-mission/124824192