एनएसएफडीसी द्वारा वित्त वर्ष 2025–26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन

प्रश्न – वित्तीय वर्ष 2025-26 में एनएसएफडीसी द्वारा दर्ज किए गए रिकॉर्ड प्रदर्शन के संबंध में कौन सा तथ्य सही नहीं है?
(a) निगम ने 775.26 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया।
(b) यह वितरण पिछले वर्ष की तुलना में 27% अधिक था।
(c) लाभार्थियों की संख्या 59,002 रही।
(d) लाभार्थियों की संख्या में 21.32% की वृद्धि हुई।
उत्तर – (d)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त और विकास निगम (एनएसएफडीसी) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है।
  • एनएसएफडीसी ने अपनी स्थापना के बाद से अब तक का सबसे अधिक वार्षिक वितरण दर्ज किया है।
  • वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान इस निगम ने 775.26 करोड़ रुपये का वितरण कर एक नया वार्षिक रिकॉर्ड स्थापित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 27 प्रतिशत अधिक है।
  • यह वृद्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके प्रभाव क्षेत्र में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
  • लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 59,002 तक पहुंच गई, जो 41.32 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
  • विशेष रूप से उल्लेखनीय यह है कि इनमें से 39,804 महिलाएं हैं, जो महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास की दिशा में निगम के प्रयासों को रेखांकित करता है।
  • विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी निगम ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
  • विश्वास योजना (ब्याज सब्सिडी योजना) के अंतर्गत 26.09 करोड़ रुपये का वितरण किया गया, जिससे लगभग 98,748 लोग लाभान्वित हुए,यह पिछले वर्ष की तुलना में 334 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है।
  • इसी प्रकार, एसईईडी योजना के तहत 11.18 करोड़ रुपये की राशि 1,450 स्वयं सहायता समूहों को प्रदान की गई, जो 76 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
  • राष्ट्रीय अनुसूचित जाति फेलोशिप योजना के अंतर्गत 215.39 करोड़ रुपये की सहायता से 4,219 छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला।एनएसएफडीसी की भूमिका केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं है।
  • यह संस्था अनुसूचित जाति समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए रियायती ऋण, स्वरोजगार के अवसर, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने का कार्य करती है।
  • 1,800 करोड़ रुपये की अधिकृत पूंजी और 1,515 करोड़ रुपये की चुकता पूंजी के साथ यह निगम एक मजबूत वित्तीय आधार पर कार्य कर रहा है। 31 मार्च, 2026 तक इसका कुल संचयी वितरण 9,567.14 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जिससे लगभग 16.96 लाख लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है।
  • इस वर्ष निगम ने अपने कार्यों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें भी की हैं।
  • जीआईजीडब्ल्यू 3.0 दिशानिर्देशों और डिजिटल ब्रांड आइडेंटिटी मैनुअल के मानदंडों के अनुरूप एक नई वेबसाइट विकसित की गई है, जो लॉन्च के लिए तैयार है।
  • निगम ने पीएम-सूरज पोर्टल के साथ एकीकृत एक ऋण लेखा और प्रबंधन प्रणाली (एलएएमएस) भी विकसित की है, जिससे ऋण प्रबंधन में संपूर्ण डिजिटलीकरण और बेहतर पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
  • इसके अलावा, चैनल भागीदारों के नेटवर्क का विस्तार किया गया है जिसमें चुनिंदा लघु वित्त बैंक शामिल हैं, जिससे रियायती ऋण तक व्यापक पहुंच संभव हो सकेगी।
  • एनएसएफडीसी ने मुंबई, सोलन और बेंगलुरु में आयोजित कार्यशालाओं के माध्यम से भागीदार संस्थानों के साथ संवाद को मजबूत किया।
  • साथ ही, ऋण प्रक्रिया को सरल बनाते हुए माइक्रो लोन और टर्म लोन जैसी योजनाओं को लागू किया, जिससे लाभार्थियों के लिए प्रक्रिया अधिक सहज और सुलभ हो सके।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://article.wn.com/view-lemonde/2026/04/10/NSFDC_Registers_Record_Performance_in_FY_2025_26_Ministry_of/#/rel

https://www.lokmattimes.com/business/nsfdc-disburses-rs-77526-crore-in-fy26-logs-27-pc-growth