हुतात्मा स्मृति स्मारक, गोवा

प्रश्न – प्रेस – पात्रादेवी स्थित पुनर्विकसित ‘हुतात्मा स्मृति स्मारक’ के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) इसका उद्घाटन 26 अगस्त, 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया।
(b) यह गोवा मुक्ति के लिए बलिदान देने वाले सत्याग्रहियों को समर्पित है।
(c) इसका पुनर्विकास लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत से GSIDC के माध्यम से कराया गया।
(d) यह स्मारक भारतीय नौसेना द्वारा निर्मित किया गया है, और केवल सैन्य प्रशिक्षण के लिए प्रयोग किया जाएगा।
उत्तर – (d)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 26 अगस्त, 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के पात्रादेवी में पुनर्विकसित ‘हुतात्मा स्मृति स्मारक’ का उद्घाटन किया।
  • यह स्मारक गोवा को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराने के लिए बलिदान देने वाले सत्याग्रहियों को समर्पित है।
  • गोवा सरकार ने गोवा स्टेट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GSIDC) के माध्यम से लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत से स्मारक का पुनर्विकास कराया।
  • पुनर्विकसित स्मारक को एक ऐसे शैक्षिक व स्मृति स्थल के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें नया मुख्य स्मारक, मूर्तिकला से जुड़ी कलाकृतियां, सूचना केंद्र तथा स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को दर्शाने वाले भित्तिचित्र (म्यूरल) शामिल हैं।
  • इसका उद्देश्य विशेषकर युवाओं को गोवा मुक्ति आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराना है।
  • रक्षा मंत्री ने पंजाब के करनैल सिंह, मध्य प्रदेश की सहोदरा देवी और महाराष्ट्र के मधुकर दामोदर चौधरी सहित सत्याग्रहियों को श्रद्धांजलि दी।
    ० पात्रादेवी सत्याग्रह के बारे में –
  • 15 अगस्त, 1955 को देश के विभिन्न भागों से आए हजारों स्वयंसेवकों ने गोवा में पुर्तगाली शासन के विरुद्ध शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया।
  • तिरंगा लेकर पात्रादेवी के रास्ते गोवा में प्रवेश करने वाले सत्याग्रहियों पर पुर्तगाली बलों ने गोलीबारी की।
  • इसमें अनेक सत्याग्रही शहीद हुए।
  • यह स्थल राष्ट्रीय एकता, साहस और बलिदान का प्रतीक बन गया।
  • अंततः भारतीय सशस्त्र बलों ने दिसंबर 1961 में ‘ऑपरेशन विजय’ चलाकर गोवा, दमन और दीव को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराया।
  • 19 दिसंबर को प्रतिवर्ष गोवा मुक्ति दिवस मनाया जाता है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleaseDetail.aspx?PRID=2303583&reg=48&lang=2

https://www.goa.gov.in/wp-content/uploads/2026/08/557.pdf