प्रश्न – 28 नवंबर, 2025 को भारतीय नौसेना को सौंपे गए स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘तारागिरी’ के संबंध में निम्नलिखित कथन दिए गए हैं:
1. ‘तारागिरी’ प्रोजेक्ट 17A का चौथा पोत है, परंतु यह एमडीएल द्वारा निर्मित दूसरा पोत है।
2. ‘तारागिरी’ अपने पूर्ववर्ती पोत की स्मृति में पुनः नामित है, जिसने 1980 से 2013 तक सेवा दी थी।
3. इस पोत में प्रयुक्त CODOG प्रणाली डीज़ल इंजन और गैस टर्बाइन के संयुक्त संचालन से उच्च गति सुनिश्चित करती है।
4. ‘तारागिरी’ का स्वदेशीकरण स्तर 75% है और इसके निर्माण में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की भूमिका रही है।
नीचे दिए गए विकल्पों में से कौन-सा कथनों का सही समूह दर्शाता है?
(a) केवल 1 और 2 सही हैं
(b) केवल 1 सही नहीं है
(c) केवल 2 और 4 सही नहीं हैं
(d) केवल 1 और 3 सही नहीं हैं
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 28 नवंबर, 2025 को मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डिंग लिमिटेड (एमडीएल) ने स्वदेश में निर्मित अत्याधुनिक स्टील्थ फ्रिगेट ‘तारागिरी’ भारतीय नौसेना को सौंपा।
- यह पोत नीलगिरी श्रेणी (प्रोजेक्ट 17A) का चौथा और एमडीएल द्वारा निर्मित तीसरा पोत है, जो युद्धपोत डिज़ाइन और निर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता (Aatmanirbharta) का सशक्त प्रतीक है।
- ‘तारागिरी’ नाम भारतीय नौसेना की परंपरा और गौरव की पुनर्स्थापना करता है।
- यह, पूर्व आईएनएस तारागिरी का नया रूप है, जो लिएंडर-श्रेणी का युद्धपोत था। जिसने वर्ष 1980 से 2013 तक 33 वर्षों तक देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा की थी।
- यह अत्याधुनिक फ्रिगेट वारशिप डिज़ाइन ब्यूरो (WDB) की बुद्धिमत्ता और वारशिप ओवरसीइंग टीम (मुंबई) के नेतृत्व में तैयार हुआ है।
- प्रोजेक्ट 17A के अंतर्गत निर्मित ये पोत अपने पूर्ववर्ती शिवालिक वर्ग (Project 17) से अधिक सशक्त, सुरक्षित और स्मार्ट हैं।
- इनमें प्रयोग की गई संयुक्त डीज़ल या गैस (CODOG) प्रणाली, जिसमें डीज़ल इंजन और गैस टर्बाइन मिलकर कार्य करते हैं, उच्च गति और ऊर्जा दक्षता सुनिश्चित करती है।
- साथ ही, एकीकृत प्लेटफ़ॉर्म प्रबंधन प्रणाली (आईपीएमएस) पोत के संचालन को पूर्णतः स्वचालित और डिजिटल बनाता है।
- ‘तारागिरी’ में अत्याधुनिक ब्रहमोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल, एमएफएसटीएआर और एमआरएसएएम कॉम्प्लेक्स जैसी शक्तिशाली प्रणालियाँ लगी हैं।
- इसमें 76मिमी सुपर रैपिड गन माउंट (SRGM), 30मिमी और 12.7मिमी क्लोज-इन वेपन सिस्टम, तथा एंटी-सबमरीन रॉकेट और टॉरपीडो प्रणाली भी सम्मिलित हैं, जो इसे किसी भी समुद्री खतरे से निपटने में सक्षम बनाती हैं।
- ‘तारागिरी’ का 75% भाग स्वदेशी है।
- इसके निर्माण में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) का योगदान रहा है।
- इस परियोजना ने लगभग 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक को अप्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया है।
- पहले पोत ‘नीलगिरी’ को तैयार करने में जहाँ 93 महीने लगे थे, वहीं ‘तारागिरी’ को मात्र 81 महीनों में पूर्ण कर दिया गया।
- अब परियोजना के शेष तीन पोत – एक मझगांव डॉक और दो गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE), कोलकाता में, अगस्त 2026 तक नौसेना को सौंपे जाएंगे।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2196229®=3&lang=2