प्रश्न-नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने ‘साइंस एंड एप्लायड रिसर्च एलायंस एंड स्पोर्ट’ नामक अनुसंधान एवं विकास केंद्र की स्थापना किस प्रौद्योगिकी संस्थान के सहयोग से की है?
(a) आईआईटी, मद्रास
(b) आईआईटी, रुड़की
(c) आईआईटी, कानपुर
(d) आईआईटी, बीएचयू
उत्तर-(d)
संबंधित तथ्य
- 7 फरवरी, 2020 को नॉर्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक प्रभात कुमार सिन्हा ने घोषणा की कि कोल इंडिया की प्रमुख सहायक कंपनी एनसीएल ने ‘साइंस एंड एप्लायड रिसर्च एलायंस एंड स्पोर्ट’ (एसएआरएएस) नामक केंद्र की स्थापना की है।
- यह घोषणा उन्होंने नई दिल्ली में विश्व उत्पादकता विज्ञान परिसंघ द्वारा कोयला, विद्युत, इस्पात और एमएसएमई क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए एक नवाचार जनित उत्पादकता पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार के दौरान की।
- इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य कंपनी की परिचालन क्षमता में सुधार लाना और संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के साथ-साथ नवाचार, अनुसंधान और विकास तथा कौशल विकास को बढ़ावा देना है।
- यह केंद्र कोयला उत्पादन, उत्पादकता और सुरक्षा बढ़ाने हेतु नवाचार एकीकरण और अनुसंधान में कंपनी को सहायता प्रदान करने के साथ ही सक्षम भी बनाएगा।
- कंपनी ने इस समर्पित अनुसंधान एवं विकास केंद्र की स्थापना आईआईटी, बीएचयू के सहयोग से की है।
- इस कदम को सुविधाजनक बनाने हेतु 6 विभिन्न डोमेन परियोजनाओं की शुरुआत की गई है, जिसकी लागत राशि 60 मिलियन रुपये है।
- इस केंद्र की स्थापना का एक अन्य उद्देश्य संसाधनों के अधिकतम उपयोग के लिए सामान्य तकनीकी मंचों के साथ परिचालन दक्षता और सभी पहलुओं को एकीकृत करने हेतु कंपनी के मौजूदा बुनियादी तकनीकी ढांचे में सुधार करना भी है।
- यह केंद्र कंपनी के परिचालन क्षेत्र के आस-पास स्थानीय युवाओं के कौशल विकास की गुणवत्ता और रोजगार पर ध्यान देने के साथ ही अनुसंधान विकास को तकनीकी सहायता सुनिश्चित करने के लिए उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना करने में भी मददगार होगा।
- भारत के कोयला उत्पादन में एनसीएल का 15 प्रतिशत और देश की तापीय बिजली उत्पादन में 10 प्रतिशत का योगदान है।
- यह कंपनी प्रतिवर्ष 100 मिलियन टन से अधिक कोयले का उत्पादन करती है।
- चालू वित्त वर्ष में इस कंपनी की योजना 107 मिलियन टन कोयला उत्पादित करने की है।
लेखक-विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…