प्रश्न – 29 अक्टूबर, 2025 को दूरसंचार विभाग (DoT) के अधीन दूरसंचार उत्कृष्टता केंद्र (टीसीओई) द्वारा शुरू किए गए “समृद्ध ग्राम फिजिटल सर्विसेज पायलट प्रोजेक्ट” के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) इस परियोजना के अंतर्गत चयनित गाँवों में “समृद्धि केंद्र” स्थापित किए जाएंगे जो डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेंगे।
(b) परियोजना के कार्यान्वयन के लिए Digital Empowerment Foundation, I-Novat InfoTech Pvt. Ltd. और Corpus Enterprises Pvt. Ltd. को साझेदार बनाया गया है।
(c) परियोजना का मुख्य उद्देश्य केवल शहरी क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाना है।
(d) चयनित गाँवों में अरी एवं उमरी (मध्य प्रदेश), नरकोडुरु (आंध्र प्रदेश) और चौरावाला (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
उत्तर – (c)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 29 अक्टूबर, 2025 को भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) के अधीन कार्यरत दूरसंचार उत्कृष्टता केंद्र (टीसीओई) ने ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु एक महत्त्वाकांक्षी पहल (समृद्ध ग्राम फिजिटल सर्विसेज पायलट प्रोजेक्ट) की शुरुआत की है।
- इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत तीन राज्यों के चयनित गाँवों में डिजिटल एवं भौतिक सेवाओं के समन्वित मॉडल को लागू किया।
- चयनित गाँवों में अरी एवं उमरी (मध्य प्रदेश), नरकोडुरु (आंध्र प्रदेश) और चौरावाला (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
- इन तीनों गाँवों में “समृद्धि केंद्र (Samriddhi Kendra)” स्थापित किए जाएंगे, जो एकीकृत डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेंगे और ग्रामीण समुदाय को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएंगे।
- समृद्ध ग्राम फिजिटल सर्विसेज पायलट प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए दूरसंचार उत्कृष्टता केंद्र (टीसीओई) ने तीन अग्रणी कार्यान्वयन भागीदारों – डिजिटल – एम्पावरमेंट फाउंडेशन (डीईएफ), आई-नोवेट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और कॉर्पस एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
- यह परियोजना भौतिक (Physical) और डिजिटल (Digital) सेवाओं के संगम से ग्रामीण समाज को सशक्त बनाने की दिशा में एक “फिजिटल” (Phygital) मॉडल प्रस्तुत करती है।
- इसका लक्ष्य है कि भारतनेट (BharatNet) के मजबूत नेटवर्क का उपयोग कर ग्रामीण नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ई-शासन, ई-कॉमर्स और वित्तीय समावेशन जैसी सेवाओं तक सहज और समान पहुँच प्रदान की जा सके।
० समृद्धि केंद्रों द्वारा प्रदान की जाने वाली प्रमुख सेवाएँ – - शिक्षा एवं कौशल विकास – स्मार्ट कक्षाएँ, एआर/वीआर-आधारित शिक्षण और सरकारी योजनाओं से जुड़ा डिजिटल स्किलिंग प्रशिक्षण
- कृषि क्षेत्र – आईओटी – आधारित मिट्टी परीक्षण, ड्रोन सहायता, और स्मार्ट सिंचाई प्रणाली
- स्वास्थ्य सेवाएँ – टेली-कंसल्टेशन, हेल्थ एटीएम और आपातकालीन चिकित्सा सहायता
- ई-गवर्नेंस -नागरिक सेवाओं तक सहायता प्राप्त पहुँच, दस्तावेज़ीकरण, और शिकायत निवारण
- ई-कॉमर्स -ओएनडीसी और डिजिटल मार्केटप्लेस से जुड़ाव द्वारा स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा
- वित्तीय समावेशन – डिजिटल बैंकिंग एवं भुगतान सुविधाएँ
- कनेक्टिविटी बैकबोन -भारतनेट एफटीटीएच नेटवर्क को सुदृढ़ बनाना, गाँव क्षेत्र नेटवर्क और सार्वजनिक वाई-फाई हॉटस्पॉट की स्थापना
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…