प्रश्न-हाल ही में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के राष्ट्रीय न्यास द्वारा मुख्यतः किसके लिए समावेशी भारत अभियान का शुभारंभ किया गया?
(a) पिछड़े वर्ग के लिए
(b) दिव्यांगों के लिए
(c) अनुसूचित जाति के लिए
(d) शोषित बच्चों के लिए
उत्तर-(b)
संबंधित तथ्य
- 6 जून, 2017 को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय न्यास द्वारा प्रमुख साझीदारों के सहयोग से एक सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने किया।
- समावेशी भारत पहलः एक समावेशी भारत की दिशा में सम्मेलन का विषय था ‘‘बौद्धिक और विकास संबंधी अपंगता के लिए समावेशी भारत पहल’’।
- इस अवसर पर राष्ट्रीय न्यास द्वारा समावेशी भारत अभियान का शुभारंभ किया गया।
- यह अभियान मुख्यतः बौद्धिक और विकास संबंधी दिव्यांगों के लिए शुरू किया गया है।
- इस अभियान का उद्देश्य ऐसे लोगों को मुख्य धारा में शामिल कराना और सामाजिक जीवन के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं शिक्षा, रोजगार और समुदाय के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव लाना है।
- समावेशी भारत अभियान के तहत तीन प्रमुख बिन्दुओं समेकित शिक्षा, समेकित रोजगार और समेकित सामुदायिक जीवन पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
- इस अभियान के तहत समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा जिससे विद्यालयों और कॉलेजों को दिव्यांगजनों हेतु समेकित बनाया जा सके।
- सरकारी और निजी संस्थानों से जुड़ी संस्थाएं शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत ढांचे को उपयोगी और समेकित बनाने हेतु सभी आवश्यक साधन, उपयोगी उपकरण, आवश्यक सूचना और सामाजिक सहयोग मुहैया कराएंगी।
- इसके अलावा अभियान के अंतर्गत औद्योगिक सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की दो हजार संस्थाओं द्वारा वर्तमान वित्त वर्ष में दिव्यांगजनों के समेकित रोजगार हेतु जागरूकता का प्रसार करेंगी।
- इस अवसर पर समावेशी भारत पहल पर एक दृष्टिपत्र जारी किया गया और राष्ट्रीय न्यास और उसके सहयोगियों के बीच समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए।
- ध्यातव्य है कि राष्ट्रीय न्यास सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय का सांविधिक निकाय है।
- इसकी स्थापना 1999 के 44वें अधिनियम के तहत स्वलीनता, प्रमस्तिष्क पक्षाघात, मंद और बहुदिव्यांगजनों के कल्याण हेतु की गयी थी।
- इसकी परिकल्पना का आधार दिव्यांगजनों और उनके परिवारों की क्षमता विकास, समान अवसर प्रदान करना, अधिकारों की प्राप्ति, दिव्यांगजनों हेतु बेहतर परिवेश और समेकित समाज का निर्माण था।
संबंधित लिंक
http://pib.nic.in/newsite/PrintRelease.aspx?relid=164434
http://pib.nic.in/newsite/PrintHindiRelease.aspx?relid=63364
http://www.eventfaqs.com/news/ef-13905/the-social-street-partners-with-the-national-trusts-%E2%80%98inclusive-india-initiative%E2%80%99
https://www.adgully.com/the-social-street-partners-with-the-national-trust-s-inclusive-india-initiative-72742.html