विश्व आर्थिक दृष्टिकोण (अद्यतन)

WORLD ECONOMIC OUTLOOK (WEO) UPDATE

प्रश्न-19 जनवरी 2016 को प्रकाशित ‘विश्व आर्थिक दृष्टिकोण (अद्यतन)’ में 2015 के लिए भारत की संवृद्धि दर कितनी आकलित की गयी है?
(a) 7.5 प्रतिशत
(b) 7.0 प्रतिशत
(c) 7.1 प्रतिशत
(d) 7.3 प्रतिशत
उत्तर-(d)
संबंधित तथ्य

  • 19 जनवरी, 2016 को अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने विश्व आर्थिक दृष्टिकोण (World Economic Outlook) का अद्यतन प्रकाशित किया।
  • इसका शीर्षक ‘कमजोर मांग, घटती संभावनाएं’ (Subdued Demand, Diminished Prospects) रखा गया।
  • इन अनुमानों में 2015 में वैश्विक विकास दर 3.1 प्रतिशत आकलित की गयी जिसके 2016 में 3.4 प्रतिशत और 2017 में 3.6 प्रतिशत होने का अनुमान है।
  • IMF द्वारा वैश्विक विकास के लिए पूर्वानुमान 2016 और 2017 के लिए आंकलित अनुमानों को 0.2 प्रतिशत अंक से नीचे संशोधित कर दिया गया है।
  • इस रिपोर्ट में 2015 में भारत की संवृद्धि दर 7.3 प्रतिशत आंकलित की गयी है जिसके 2016 और 2017 में 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
  • भारत की विकास दर अक्टूबर 2015 में आंकलित अनुमानों के बराबर है।
  • ब्रिक्स (BRICS) देशों में 2015 में सर्वाधिक विकास दर भारत (7.3%) की रही उसके बाद चीन (6.9%) दक्षिण अफ्रीका (1.3%), रूस (-3.7%) और ब्राजील (-3.8%) का स्थान है।
  • भारतीय अर्थव्यवस्था के अन्य प्रमुख उदीयमान अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने 2016 में चीन की 6.3 प्रतिशत संवृद्धि दर की तुलना में भारत की संवृद्धि दर 7.5 प्रतिशत अनुमानित किया है।
  • उन्नत अर्थव्यवस्थाओं की विकास दर 2015 में 1.9 प्रतिशत आंकलित की गयी जिसके 2016 और 2017 में 2.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
  • इन अनुमानों में संयुक्त राज्य की विकास दर 2015 में 2.5 प्रतिशत आंकलित की गयी जिसके 2016 और 2017 में 2.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
  • उभरते बाजार तथा विकासशील अर्थव्यवस्थाओं (EMDE) की विकास दर 2015 में 4.0 प्रतिशत आंकलित की गयी जिसके 2016 में 4.3 प्रतिशत और 2017 में 4.7 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गयी है।
  • रिपोर्ट में सकल विश्व व्यापार (वस्तु एवं सेवाएं) 2014 की तुलना (3.4 प्रतिशत) में 2015 में (2.6 प्रतिशत) घटा है। इसके 2016 में (3.4 प्रतिशत) और 2017 में (4.1 प्रतिशत) बढ़ने की संभावना व्यक्त की गयी है।
  • पेट्रोलियम की कीमतों में वर्ष 2015 में अत्यधिक कमी (-47.1 प्रतिशत) आंकलित की गयी जबकि 2016 और 2017 में इसमें कुछ सुधार की उम्मीद है।
  • रिपोर्ट में बताया गया है कि उदीयमान बाजारों एवं विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में विकास की दर धीरे-धीरे बढ़ेगी।
    वैश्विक मांग और क्रियाएं मंद रहेंगी क्योंकि तीन मुख्य परिवर्तन वैश्विक दृश्य को लगातार प्रभावित कर रहे हैं:-
    (i) चीन में आर्थिक क्रियाओं का निवेश और विनिर्माण से खपत और मूल्य वृद्धि की ओर रूख करना।
    (ii) ऊर्जा एवं अन्य वस्तुओं के गिरते मूल्य।
    (iii) संयुक्त राज्य की मौद्रिक नीति का धीरे-धीरे सख्त होना।
  • रिपोर्ट में निम्नलिखित जोखिम भी बताए गए हैं:-
    (i) आशा के विपरीत संवृद्धि दर के कम होने से व्यापारिक साझेदारों एवं वैश्विक वित्तीय बाजारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ना।
    (ii) पहले से ही तनावपूर्ण स्थितियों से गुजर रहे वस्तु उत्पादकों के लिए गिरते मूल्य विकास दृष्टिकोण पर अधिक नकारात्मक प्रभाव डालेंगे।
    (iii) इसके अतिरिक्त डॉलर में वृद्धि से उदीयमान बाजार अर्थव्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
  • इन जोखिमों से उभरने के लिए रिपोर्ट में वास्तविक और संभावित उत्पादन बढ़ाने के लिए मांग का समर्थन और ढांचागत सुधारों की आवश्यकता व्यक्त की गयी है।

संबंधित लिंक भी देखें…
http://www.imf.org/external/pubs/ft/weo/2016/update/01/
http://www.imf.org/external/pubs/ft/weo/2016/update/01/pdf/0116.pdf