विशिष्ट इस्पात के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना का तीसरा चरण (पीएलआई 1.2)

प्रश्न – विशिष्ट इस्पात के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तीसरे चरण (पीएलआई 1.2) के संबंध में निम्न कथनों पर विचार कीजिए-
1.4 नवंबर, 2025 को केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने विशिष्ट इस्पात के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तीसरे चरण (पीएलआई 1.2) की शुरुआत की।
2.पीएलआई 1.2 सुपर अलॉय, सीआरजीओ स्टील, स्टेनलेस स्टील (लांग एवं फ्लैट उत्पाद), टाइटेनियम मिश्र धातु और कोटेड स्टील्स जैसी उन्नत श्रेणियों के उत्पादन पर केंद्रित है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
(a) केवल 1 (b) केवल 2
(c) 1 एवं 2 दोनों (d) इनमें से कोई नहीं
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 4 नवंबर, 2025 को केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने विशिष्ट इस्पात के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तीसरे चरण (पीएलआई 1.2) की शुरुआत की।
  • जुलाई 2021 में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित विशिष्ट इस्पात के लिए पीएलआई योजना को 6,322 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय के साथ शुरू किया गया था।
  • इस योजना का उद्देश्य रक्षा, एयरोस्पेस, ऊर्जा, ऑटोमोबाइल तथा बुनियादी ढाँचा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में प्रयुक्त इस्पात की घरेलू आपूर्ति को सशक्त बनाना और भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में एक सशक्त भागीदार के रूप में स्थापित करना है।
  • इसके अंतर्गत उन कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाता है जो उच्च गुणवत्ता वाले विशेष इस्पात के उत्पादन में निवेश कर रही हैं।
  • योजना के प्रारंभ से अब तक इसने उद्योग जगत से अत्यधिक उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त की है।
  • अब तक 43,874 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएँ प्राप्त हुई हैं, जिससे लगभग 30,760 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं।
  • सितंबर, 2025 तक के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, प्रतिभागी कंपनियों ने पहले ही 22,973 करोड़ रुपये का वास्तविक निवेश कर दिया है और 13,284 रोजगार निर्मित हो चुके हैं।
  • इसके अतिरिक्त, भारत में 14.3 मिलियन टन नई विशिष्ट इस्पात उत्पादन क्षमता जुड़ने की संभावना है।
  • सरकार ने अब इस योजना के अगले चरण “पीएलआई 1.2” की घोषणा की है, जो सुपर अलॉय, सीआरजीओ, स्टेनलेस स्टील लांग एवं फ्लैट उत्पाद, टाइटेनियम मिश्र धातु और कोटेड स्टील्स जैसी उन्नत श्रेणियों के उत्पादन पर केंद्रित है।
  • ये सामग्रियाँ रक्षा, अंतरिक्ष, एयरोस्पेस तथा ऊर्जा क्षेत्रों की अगली पीढ़ी की तकनीकी आवश्यकताओं के लिए अत्यावश्यक हैं।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2186163

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2186225