प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-सा कथन उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के संबंध में सही नहीं है?
(a) यह परियोजना 49.960 किलोमीटर लंबी होगी और इसे छह लेन की चौड़ाई में विकसित किया जाएगा।
(b) इस परियोजना को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर लागू किया जाएगा।
(c) परियोजना में उन्नत ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली (ATMS) स्थापित
की जाएगी।
(d) इस परियोजना की कुल लागत 4775.84 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 3 जुलाई, 2025 को उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले प्रवेश नियंत्रित ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे (लखनऊ लिंक एक्सप्रेस-वे) के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई।
- इस परियोजना की लागत 4775.84 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसे ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर क्रियान्वित किया जाएगा।
- यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के भलिया ग्राम (चैनेज 294+230) से प्रारंभ होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पहांसा ग्राम (चैनेज 6+350) तक प्रवेश नियंत्रित ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
- यह लिंक एक्सप्रेस-वे कुल 49.960 किलोमीटर लंबा होगा।
- इसे छह – लेन (06-lane) की चौड़ाई में बनाया जाएगा, जिसे भविष्य में आठ – लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।
- सभी संरचनाएं आठ – लेन के अनुरूप ही बनाई जाएंगी।
- एक्सप्रेस-वे का निर्माण 120 किमी. प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
- परियोजना में उन्नत ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली (Advanced Traffic Management System) की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है।
- इस परियोजना के तहत कुल 02 दीर्घ सेतु, 20 लघु सेतु, 60 बॉक्स कल्वर्ट, 21 एलवीयूपी, 16 एसवीयूपी, 08 वीयूपी, 02 रेलवे ओवरब्रिज, 06 फ्लाईओवर और 05 इंटरचेंजेज का निर्माण प्रस्तावित है।
- एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर 07-07 मीटर चौड़ी सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
- ट्रैफिक साइन बोर्ड, रोड मार्किंग, क्रैश बैरियर, डेलीनेटर्स आदि आधुनिक ट्रैफिक सुरक्षा उपकरण भी निर्धारित मानकों के अनुसार लगाए जाएंगे।
- परियोजना का निर्माण इंडियन रोड कांग्रेस द्वारा जारी नवीनतम कोड और मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
- निर्माण एजेंसी अगले पांच वर्षों तक अनुरक्षण (Maintenance) का कार्य भी करेगी।
- इस परियोजना के लिए 120 मीटर चौड़ाई का राइट ऑफ वे (Right of Way) प्रस्तावित है।
- इसके तहत जमीन का क्रय या अधिग्रहण किया जाएगा।
- यह नया लिंक एक्सप्रेस-वे लखनऊ-प्रयागराज (NH-30) और लखनऊ-कानपुर (NH-27) को आपस में जोड़ेगा, जिससे लखनऊ, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर के बीच आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…