मानव विकास सूचकांक-2020

Human Development Report 2020

प्रश्न-15 दिसंबर, 2020 को संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा जारी मानव विकास रिपोर्ट, 2020 में मानव विकास सूचकांक, से संबंधित निम्न कथनों पर विचार कीजिए-
(i) इस सूचकांक में 189 देशों को रैंकिंग प्रदान की गई है।
(ii) इस सूचकांक में डेनमार्क को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है।
(iii) भारत को इस सूचकांक में 131वां स्थान प्राप्त हुआ है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
(a) केवल (i) एवं (ii)
(b) केवल (i) एवं (iii)
(c) केवल (ii) एवं (iii)
(d) उपर्युक्त सभी
उत्तर-(b)
संबंधित तथ्य

  • 15 दिसंबर, 2020 को संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा ‘मानव विकास रिपोर्ट’ (Human Development Report), 2020 जारी की गई।
  • वर्ष 2020 के इस रिपोर्ट में 189 देशों को उनके मानव विकास सूचकांक (HDI) की स्थिति के आधार पर रैंकिंग प्रदान की गई है।
  • HDR-2020 में शामिल 189 देशों को उनके मानव विकास सूचकांक (HDI) मूल्य के आधार पर निम्नलिखित चार भागों में बांटा गया है-

(i) 0.800 और उससे अधिक-अत्यधिक उच्च मानव विकास वाले देश।
(ii) 0.700 से 0.799 तक-उच्च मानव विकास वाले देश।
(iii) 0.550 से 0.699 तक-मध्यम मानव विकास वाले देश।
(iv) 0.550 से नीचे-निम्न मानव विकास वाले देश।

  • HDR-2020 में 0.957 HDI मूल्य के साथ नॉर्वे इस सूचकांक में प्रथम स्थान पर है।
  • इसके पश्चात आयरलैंड (HDI मूल्य 0.955) तथा स्विट्जरलैंड (HDI मूल्य-0.955) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
  • हांगकांग, चीन (SAR) (HDI मूल्य-0.949) तथा आइसलैंड (HDI मूल्य 0.949) संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे।
  • जर्मनी (HDI मूल्य-0.947) 6वें, स्वीडन (HDI मूल्य-0.945) 7वें तथा ऑस्ट्रेलिया (HDI मूल्य-0.944) 8वें स्थान पर रहे।
  • HDI, 2020 में सबसे निचले स्थान (189 वें) पर नाइजर है, जिसका HDI मूल्य 0.394 है।
  • सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (HDI मूल्य-0.397) 188वें, चाड (HDI मूल्य-0.398) 187वें, दक्षिण सूडान (HDI मूल्य-0.433) तथा बुरूंडी (HDI मूल्य 0.33) संयुक्त रूप से 185वें स्थान पर रहे।
  • HDR-2020 में भारत 0.645 HDI मूल्य के साथ 131वें स्थान पर है।
  • इस सूचकांक में भारत को ‘मध्यम मानव विकास’ वाले देशों की श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।
  • इससे पूर्व की रिपोर्ट (HDR-2019) में भारत 0.647 HDI मूल्य के साथ 129वें स्थान पर था।
  • भारत के पड़ोसी देशों में श्रीलंका को 72वां, चीन को 85वां, भूटान को 129 वां स्थान प्राप्त हुआ, जिनकी स्थिति भारत से बेहतर है।
  • जबकि बांग्लादेश को 133वां, नेपाल को 142वां तथा पाकिस्तान को 154वां स्थान प्राप्त हुआ है, जिनकी स्थिति भारत से पीछे हैं।
  • ब्रिक्स देशों में भी भारत अन्य सदस्य देशों-ब्राजील (84वां), चीन (85वां), रूस (52वां) तथा दक्षिण अफ्रीका (114वां) से पीछे रहा।
  • ज्ञातव्य है कि संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम द्वारा वर्ष 2010 से मानव विकास रिपोर्ट हेतु UNDP द्वारा HDI की गणना में नई प्रविधि का प्रयोग किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 3 संकेतक शामिल हैं-

(i) जीवन प्रत्याशा सूचकांक (LEI)
(ii) शिक्षा सूचकांक (EI)
(iii) आय सूचकांक (II)

  • HDI की अवधारणा का विकास पाकिस्तानी अर्थशास्त्री महबूब उल-हक तथा अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार विजेता भारतीय मूल के अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन ने किया था।

लेखक- विवेक कुमार त्रिपाठी

संबंधित लिंक भी देखें…
http://hdr.undp.org/sites/default/files/hdr2020.pdf