प्रश्न – भारतीय रेलवे द्वारा 6 अप्रैल, 2026 को स्वीकृत परियोजनाओं के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –
- इन परियोजनाओं का उद्देश्य सुरक्षा, सिग्नलिंग और संचार ढांचे को सुदृढ़ बनाना है।
- इनमें केवल कवच प्रणाली के विस्तार पर बल दिया गया है।
- ऑप्टिकल फाइबर संचार नेटवर्क का विकास भी इन परियोजनाओं का हिस्सा है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?
(a) केवल 1
(b) केवल 1 और 3
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 6 अप्रैल, 2026 को भारतीय रेलवे ने अपने विस्तृत नेटवर्क में सुरक्षा, सिग्नलिंग और संचार ढांचे को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1,364.45 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की।
- ये परियोजनाएं रेलवे के आधुनिकीकरण के व्यापक प्रयास का हिस्सा हैं, जिनमें कवच प्रणाली का विस्तार, ऑप्टिकल फाइबर संचार नेटवर्क का विकास तथा पारंपरिक सिग्नलिंग प्रणालियों का उन्नयन शामिल है।
- दक्षिण रेलवे के 232 लोकोमोटिव इंजनों में कवच उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए 208.81 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
- यह कार्य 2024-25 की कार्य योजना में शामिल उस अम्ब्रेला परियोजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शेष रेलवे मार्गों पर लॉन्ग-टर्म इवोल्यूशन (LTE) आधारित संचार व्यवस्था के साथ कवच प्रणाली का विस्तार करना है।
- इस परियोजना के अंतर्गत दक्षिण रेलवे को 2,950 करोड़ रुपये का उप-आवंटन किया गया है, जिसके तहत कवच का उन्नत संस्करण स्थापित किया जाएगा।
- इसी प्रकार, उत्तर रेलवे में संचार आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए 400.86 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख कार्यों को स्वीकृति दी गई है।
- इन कार्यों के अंतर्गत अंबाला, दिल्ली और लखनऊ मंडलों में कुल मिलाकर हजारों किलोमीटर मार्ग पर 2×48 ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जाएगी तथा आवश्यक स्थानों पर संचार केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।
- यह पहल आधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों तथा कवच जैसी उन्नत तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
- उत्तर मध्य रेलवे में भी कवच प्रणाली को सुदृढ़ समर्थन देने के लिए 2,196 किलोमीटर मार्ग पर ऑप्टिकल फाइबर संचार नेटवर्क स्थापित करने की योजना को मंजूरी दी गई है, जिस पर 176.77 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
- प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों में फैली यह परियोजना उच्च यातायात वाले मार्गों पर संचार क्षमता और विश्वसनीयता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
- इसके अतिरिक्त, दक्षिण मध्य रेलवे में सिग्नलिंग प्रणाली के आधुनिकीकरण हेतु पैनल इंटरलॉकिंग को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली से प्रतिस्थापित करने के लिए 578.02 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
- गुंटकल और नांदेड़ मंडलों के अनेक स्टेशनों पर यह परिवर्तन किया जाएगा, जिससे सिग्नलिंग व्यवस्था अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और स्वचालित बन सकेगी तथा मानवीय त्रुटियों की संभावना में कमी आएगी।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…