प्रश्न – महाराष्ट्र सरकार द्वारा शुरू की गई राज्य स्तरीय खेल पहल ‘प्रोजेक्ट महादेव’ के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए और बताइए कि कौन-सा कथन सही नहीं है—
(a) इस परियोजना का उद्देश्य 13 वर्ष से कम आयु के लड़के और लड़कियों में फुटबॉल प्रतिभा की पहचान कर उन्हें उच्च स्तर का प्रशिक्षण देना है।
(b) चयनित 60 खिलाड़ियों (30 लड़के एवं 30 लड़कियां) को 5 वर्षों के लिए पूर्ण आवासीय छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
(c) इस परियोजना का क्रियान्वयन केवल महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग द्वारा किया जा रहा है।
(d) इस परियोजना के अंतर्गत विदेशी प्रशिक्षकों द्वारा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उत्तर – (c)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 14 दिसंबर, 2025 को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में राज्य स्तरीय खेल पहल ‘प्रोजेक्ट महादेव’ का शुभारंभ किया।
- इस परियोजना का शुभारंभ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वैश्विक फुटबॉल आइकन लियोनेल मेस्सी, अर्जेंटीना के पूर्व खिलाड़ी लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, लोकप्रिय भारतीय फुटबॉलर सुनील छेत्री, भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान राहुल भेके और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया।
- इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य राज्य के स्कूल जाने वाले लड़के और लड़कियों को परिवर्तनकारी समर्थन देना और उनके फुटबॉल के सपनों को पूरा करने में मदद करना है।
- इस प्रोजेक्ट को महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन, विलेज सोशल ट्रांसफॉर्मेशन फाउंडेशन, वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन, सिडको तथा महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग के माध्यम से संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
- इस प्रोजेक्ट के माध्यम से पूरे राज्य में 13 वर्ष से कम आयु के युवाओं में फुटबॉल प्रतिभा की खोज कर उच्च दर्जे के खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे।
- इस प्रोजेक्ट अंतर्गत छात्रवृत्ति, विदेशी प्रशिक्षकों द्वारा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण तथा सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
- चयनित 60 खिलाड़ियों (30 लड़के, 30 लड़कियां) को 5 वर्षों के लिए पूर्ण आवासीय छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://www.newsonair.gov.in/maharashtra-cm-launches-state-level-sports-initiative-project-mahadeva