प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) अंजी पुल, भारत का पहला केबल-स्टे रेल पुल है, जो अंजी नदी (चिनाब नदी की एक सहायक नदी) पर बना है।
(b) चिनाब रेल ब्रिज दुनिया का सबसे ऊँचा रेलवे आर्च पुल है, जिसकी ऊँचाई नदी की सतह से 359 मीटर है।
(c) उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना की कुल लंबाई 272 किलोमीटर है, जिसमें 36 सुरंगें और 943 पुल शामिल हैं।
(d) प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस जम्मू जिले में स्थित होगा।
उत्तर – (d)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 6 जून, 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के कटरा में 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन किया और राष्ट्र को समर्पित किया।
- प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर निर्मित चिनाब रेल ब्रिज और अंजी नदी (चिनाब नदी की एक सहायक नदी) पर निर्मित अंजी ब्रिज का उद्घाटन किया।
- चेनाब रेल पुल दुनिया का सबसे ऊँचा रेलवे आर्च पुल है, जो नदी की सतह से 359 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है।
- यह 1,315 मीटर लंबा स्टील का आर्च पुल है, जिसे भूकंपीय और तेज़ हवाओं जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
- यह पुल न केवल इंजीनियरिंग का चमत्कार है, बल्कि जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क को भी सशक्त बनाएगा।
- इस पुल पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की मदद से कटरा से श्रीनगर की दूरी अब मात्र 3 घंटे में तय की जा सकेगी, जो पहले की तुलना में 2-3 घंटे कम है। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रियों को भी अत्याधुनिक सुविधा मिलेगी।
- अंजी पुल, भारत का पहला केबल-स्टेड (Cable-Stayed Pail Poridge) रेल पुल है, जिसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में बनाया गया है।
- यह पुल भारतीय रेल की आधुनिक तकनीकी क्षमताओं को दर्शाता है और सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
- प्रधानमंत्री ने उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया।
- यह 272 किलोमीटर लंबी परियोजना लगभग 43,780 करोड़ रुपये की लागत से बनी है, जिसमें 36 सुरंगें (कुल लंबाई 119 किमी) और 943 पुल शामिल हैं। – इसका उद्देश्य कश्मीर घाटी को देश के शेष भाग से सालभर निर्बाध रेल संपर्क देना है, जिससे सामाजिक-आर्थिक समेकन को बल मिलेगा।
- प्रधानमंत्री ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर तक दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
- प्रधानमंत्री ने श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस की आधारशिला भी रखी। यह संस्थान ककड़ियाल, कटरा, जिला रियासी, जम्मू और कश्मीर में स्थित है।
- यह 350 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाला रियासी जिले का पहला मेडिकल कॉलेज होगा।
- प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अंतिम मील तक कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए कई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
- उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-701 पर राफियाबाद से कुपवाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना और एनएच-444 पर शोपियां बाईपास सड़क के निर्माण की आधारशिला रखी, जिसकी लागत 1,952 करोड़ रुपये से अधिक है।
- उन्होंने श्रीनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर संग्राम जंक्शन और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बेमिना जंक्शन पर दो फ्लाईओवर परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…