प्रश्न – प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III (पीएमजीएसवाई-III) की अवधि के विस्तार संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –
- इसे मार्च 2028 तक बढ़ाने की मंजूरी अप्रैल 2026 में दी गई।
- इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को केवल राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ना है।
- इसके अंतर्गत ग्रामीण कृषि बाजारों (GrAMs), उच्च माध्यमिक विद्यालयों और अस्पतालों को जोड़ने वाले मार्गों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
उपरोक्त में से कौन-से कथन सही हैं?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1 और 3
(c) केवल 2 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 18 अप्रैल, 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III (पीएमजीएसवाई-III) को मार्च 2025 के बाद बढ़ाकर मार्च 2028 तक जारी रखने की मंजूरी प्रदान की।
- इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण बस्तियों को ग्रामीण कृषि बाजारों (GrAMs), उच्च माध्यमिक विद्यालयों और अस्पतालों से जोड़ने वाले थ्रू रूट्स तथा प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
- योजना का संशोधित कुल परिव्यय 83,977 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
० मंत्रिमंडल ने इसके अतिरिक्त निम्नलिखित निर्णयों को भी स्वीकृति दी है –
.मैदानी क्षेत्रों में सड़कों और पुलों तथा पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा मार्च 2028 तक बढ़ाई गई है।
.पहाड़ी क्षेत्रों में पुलों के निर्माण कार्यों की समय-सीमा मार्च 2029 तक बढ़ाई गई है।
.31 मार्च 2025 से पहले स्वीकृत लेकिन अब तक अवार्ड न किए गए कार्यों को निविदा/अवार्ड के लिए लिया जा सकेगा।
.पहले से स्वीकृत सड़कों के संरेखण पर स्थित 161 लंबी स्पैन पुलों (LSBs), जिनकी अनुमानित लागत 961 करोड़ रुपये है और जो अभी स्वीकृति की प्रतीक्षा में हैं, उन्हें भी स्वीकृत कर निविदा/अवार्ड किया जा सकेगा। - योजना के मूल परिव्यय 80,250 करोड़ रुपये को बढ़ाकर 83,977 करोड़ रुपये किया गया है।
- पीएमजीएसवाई-III की समय-सीमा बढ़ने से ग्रामीण सड़कों के उन्नयन के लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी और इससे योजना के अपेक्षित सामाजिक-आर्थिक लाभ पूरी तरह प्राप्त हो सकेंगे।
- बेहतर सड़क संपर्क से कृषि और गैर-कृषि उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच आसान होगी, परिवहन समय और लागत में कमी आएगी तथा ग्रामीण आय में वृद्धि होगी।
- सुदृढ़ संपर्क व्यवस्था से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी, विशेषकर दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इसका अधिक लाभ मिलेगा।
- इसके अलावा, इस योजना के निरंतर क्रियान्वयन से निर्माण कार्यों के माध्यम से प्रत्यक्ष और ग्रामीण उद्यमों व सेवाओं के विस्तार के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…