प्रधानमंत्री की बांग्लादेश की यात्रा

Prime Minister's visit to Bangladesh

प्रश्न-26-27 मार्च‚ 2021 के मध्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश की यात्रा पर रहे। इससे संबंधित निम्न कथनों पर विचार कीजिए-
(i) कोविड-19 महामारी के प्रारंभ के बाद से यह प्रधानमंत्री की दूसरी विदेश यात्रा थी।
(ii) प्रधानमंत्री की यह यात्रा बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के 75 वर्ष पूर्ण होने से संबंधित रही।
(iii) बंगबंधु मकबरा परिसर में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यह किसी विदेशी राज्य प्रमुख की दूसरी यात्रा थी।
उपर्युक्त कथनों में से सही कथन है/हैं-
(a) (i) एवं (ii)
(b) (ii) एवं (iii)
(c) इनमें से कोई नहीं
(d) उपर्युक्त सभी
उत्तर—(c)
संबंधित तथ्य

  • 26-27 मार्च‚ 2021 के मध्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के निमंत्रण पर बांग्लादेश की यात्रा पर रहे।
  • कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद से यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली विदेश यात्रा रही।
  • प्रधानमंत्री की यह यात्रा बांग्लादेश के संस्थापक नेता बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान की जन्मशती‚ भारत एवं बांग्लादेश के मध्य राजनयिक संबंधों के स्थापित होने के 50 वर्ष पूर्ण होने तथा बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के 50 वर्ष के पूर्ण होने से संबंधित रही।
  • 26 मार्च‚ 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ढाका स्थित राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाकर बांग्लादेश स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • ढाका के उत्तर-पश्चिम से 35 किमी. दूर सावर में स्थित यह स्मारक बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम में शहीदों का राष्ट्रीय प्रतीक है।
  • इसे सैयद मैनुल हसन ने डिजाइन किया था।
  • प्रधानमंत्री द्वारा स्मारक परिसर में ‘अर्जुन’ का एक पौधा भी लगाया गया।
  • अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश में 14 दलों वाले गठबंधन के नेताओं और उनके संयोजक से मुलाकात की।
  • इस दौरान दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ करने के विभिन्न मुद्‌दों पर बातचीत की गई।
  • 26 मार्च‚ 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश में राष्ट्रीय दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे।
  • यह कार्यक्रम राष्ट्रीय परेड स्क्वायर‚ तेजगांव में आयोजित हुआ।
  • इस कार्यक्रम में बांग्लादेश के राष्ट्रपिता बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान की जन्म शताब्दी भी मनाई गई।
  • इस अवसर पर भारत सरकार की ओर से बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान को मरणोपरांत दिए गये गांधी शांति पुरस्कार‚ 2020 को उनकी बेटियों प्रधानमंत्री शेख हसीना एवं रेहाना को प्रदान किया गया।
  • इस कार्यक्रम के भाषण के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा भारत-बांग्लादेश संबंधों के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बांग्लादेश के 50 उद्यमियों को भारत के स्टार्टअप और इनोवेशन इको-सिस्टम से जुड़ने हेतु आमंत्रित किया गया।
  • अपनी इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ संयुक्त रूप से बापू-बंगबंधु पर एक डिजिटल प्रदर्शनी का उद्‌घाटन किया।
  • 27 मार्च‚ 2021 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शतखिरा में जेशोरेश्वरी काली शक्तिपीठ में पूजा की‚ जो प्राचीन परम्परा में 51 शक्तिपीठों में से एक है।
  • इस दौरान उन्होंने मंदिर के समीप एक सामुदायिक भवन सह चक्रवात आश्रय स्थल के निर्माण के लिए अनुदान देने की घोषणा की।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की यात्रा के दूसरे दिन तुंगीपारा स्थित बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान के मकबरे पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • बंगबंधु मकबरा परिसर में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यह किसी विदेशी राज्य प्रमुख या सरकार के प्रमुख की पहली यात्रा थी।
  • प्रधानमंत्री द्वारा इस ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में एक ‘बकुल’ का पौधा भी लगाया गया।
  • अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने ओराकान्दी ठाकुरबाड़ी में संबोधन दिया एवं श्री श्री हॉरिचान्द ठाकुर जी एवं श्री श्री गुरुचान्द ठाकुर जी को नमन किया।
  • यहां प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार ओराकान्दी में लड़कियों के मिडिल स्कूल का उन्नयन करेगी तथा नई आधुनिक सुविधाएं जोड़ेगी। साथ ही भारत सरकार द्वारा यहां एक प्राथमिक विद्यालय की स्थापना भी की जाएगी।
  • इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के मध्य विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की गई साथ ही दोनों देशों के संबंध आपस में और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विकास के विभिन्न बिंदुओं पर मिलकर सहयोग करने पर भी चर्चा की गई।

लेखक− कैलाश मणि त्रिपाठी

संबंधित लिंक भी देखें…
https://mea.gov.in/outgoing-visit-info.htm?2/1303/Visit+of+Prime+Minister+to+Bangladesh+March+2627+2021
https://mea.gov.in/outoging-visit-detail.htm?33746/Joint+Statement+issued+on+the+occasion+of+the+visit+of+Prime+Minister+of+India+to+Bangladesh