पूर्वोत्तर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (नेस्ट) क्लस्टर

प्रश्न – नीचे दिए गए कथनों में से कौन-सा पूर्वोत्तर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (नेस्ट) क्लस्टर के संबंध में तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है?
(a) नेस्ट क्लस्टर का उद्घाटन 3 नवम्बर 2025 को केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किया गया।
(b) यह क्लस्टर आईआईटी गुवाहाटी में 22.98 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित किया गया है।
(c) नेस्ट क्लस्टर के तीन प्रमुख कार्यक्षेत्र होंगे।
(d) नेस्ट मिशन के तहत कामरूप जिले की 30 ग्रामीण महिलाओं को बायोडिग्रेडेबल खिलौना निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया।
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 3 नवम्बर, 2025 को केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आईआईटी गुवाहाटी में पूर्वोत्तर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (नेस्ट) क्लस्टर का उद्घाटन किया।
  • 22.98 करोड़ रूपए के निवेश से स्थापित पूर्वोत्तर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (नेस्ट) क्लस्टर, पूर्वोत्तर के नवोन्मेष पारिस्थितिकी तंत्र के केंद्र के रूप में कार्य करेगा और स्थानीय ज्ञान को वैश्विक समाधानों में परिवर्तित करेगा।
  • नेस्ट क्लस्टर के चार प्रमुख कार्यक्षेत्र होंगे जिसमें बुनियादी नवोन्मेष, सेमीकंडक्टर एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), बांस-आधारित प्रौद्योगिकियाँ और जैव-निम्नीकरणीय प्लास्टिक शामिल हैं।
  • यह क्लस्टर पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के युवा-केंद्रित कार्यक्रमों जैसे एनई-स्पार्क्स और अष्टलक्ष्मी दर्शन का पूरक होगा, जिसके तहत 3,200 छात्र भारत के विभिन्न भागों से पूर्वोत्तर का भ्रमण करेंगे, जबकि 800 पूर्वोत्तर छात्र इसरो में वैज्ञानिक अनुभव प्राप्त करने के लिए दौरे करेंगे।
  • नेस्ट मिशन के समावेशी नवाचार कार्यक्रम के तहत कामरूप जिले की 30 ग्रामीण महिलाओं को इंडस्ट्री 4.0 तकनीकों पर आधारित बायोडिग्रेडेबल खिलौना निर्माण प्रशिक्षण पूरा करने पर सम्मानित किया गया।
  • अब इन महिलाओं को अपने माइक्रो-उद्यम (micro-enterprises) स्थापित करने हेतु निरंतर सहायता प्रदान की जाएगी।
  • मंत्री ने नेस्ट क्लस्टर का लोगो भी जारी किया, जिसे उन्हीं ग्रामीण महिलाओं ने डिज़ाइन किया है जो नारी शक्ति आधारित नवाचार और समावेशिता की भावना का प्रतीक है।
  • साथ ही उन्होंने पूरे असम में 635 करोड़ रुपये की परिवर्तनकारी विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
  • आधारशिला रखी गई परियोजनाओं का उद्देश्य असम के विकास, संपर्क और अवसरों को बढ़ावा देना है।

० मुख्य परियोजनाएँ इस प्रकार हैं –

  • 65 नए माध्यमिक विद्यालय भवनों में मूलभूत सुविधाओं का विकास – 455 करोड़ रूपए
  • छायागांव-उकिअम सड़क का उन्नयन – 102.69 करोड़ रूपए
  • सिलोनीजन-धनसिरी पार घाट पर आरसीसी पुल – 20.59 करोड़ रूपए
  • रामफलबिल (कोकराझार) में औद्योगिक एस्टेट का विकास – 14.40 करोड़ रूपए
  • लखीबाजार (बक्सा) में औद्योगिक एस्टेट का विकास –18.40 करोड़ रूपए

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.msn.com/en-in/news/India/indias-next-tech-hub-scindia-unveils-nest-cluster-at-iit-guwahati/ar-AA1PL1nQ