प्रश्न-फरवरी‚ 2022 में केंद्र सरकार ने वयस्क शिक्षा के सभी पहलुओं को कवर करने हेतु नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को मंजूरी प्रदान की। इस कार्यक्रम के संबंध में विकल्प में कौन-सा तथ्य सही नहीं हैं?
(a) यह योजना ऑनलाइन मोड के जरिए स्वयं सेवा के माध्यम से लागू की जाएगी।
(b) इस योजना की अवधि वित्त वर्ष 2022-27 तक है।
(c) इस योजना का उद्देश्य न केवल आधारभूत संरचना प्रदान करना है‚ अपितु 21वीं सदी के नागरिक के लिए आवश्यक अन्य घटकों को शामिल करना है।
(d) इस योजना के तहत देश के सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के गैर-साक्षर लोगों को आच्छादित (कवर) किया जाएगा।
उत्तर—(d)
संबंधित तथ्य
- फरवरी‚ 2022 में केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति‚ 2020 और वर्ष 2021-22 की बजट घोषणा के अनुरूप वयस्क शिक्षा के सभी पहलुओं को कवर करने हेतु नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को मंजूरी प्रदान की।
- यह योजना ऑनलाइन मोड के जरिए स्वयं सेवा के माध्यम से लागू की जाएगी।
- स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण‚ अभिविन्यास‚ कार्यशालाओं का आयोजन फेस-टू-फेस (आमने-सामने) मोड के माध्यम से किया जा सकता है।
- आसान पहुंच के लिए सभी सामग्री और संसाधन आसानी से सुलभ डिजिटल मोड यथा – टीवी‚ रेडियो‚ सेल फोन-आधारित फ्री/ओपन-सोर्स ऐप/पोर्टल आदि के माध्यम से पंजीकृत स्वयं-सेवकों तक डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
- इस योजना का उद्देश्य न केवल आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता प्रदान करना है‚ अपितु 21वीं सदी के नागरिक के लिए आवश्यक अन्य घटकों को भी शामिल करना है।
- यह योजना वित्त वर्ष 2022-27 तक की अवधि के लिए शुरू की गई है।

- यह योजना देश के सभी राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के गैर-साक्षर लोगों को आच्छादित (कवर) करेगी।
- योजना की अवधि के लिए आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता का लक्ष्य राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र‚ एनसीईआरटी और एनआईओएस के सहयोग से ऑनलाइन अध्यापन‚ शिक्षण और मूल्यांकन सामग्री का उपयोग करके प्रतिवर्ष 1 करोड़ की दर से 5 करोड़ शिक्षार्थियों का लक्ष्य रखा गया।
- लक्षित कोई शिक्षार्थी इस योजना हेतु नाम‚ जन्मतिथि ‚ लिंग‚ आधार संख्या‚ मोबाइल नंबर आदि जैसी आवश्यक सामग्री के साथ पंजीकरण करा सकता है।

- 15-35 आयु वर्ग को योजना के तहत पहले पूर्ण रूप से साक्षर किया जाएगा। उसके बाद 35 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को साक्षर किया जाएगा।
- इस कार्यक्रम के तहत पंजीकृत लगभग 7 लाख स्कूलों के 3 करोड़ छात्र/बच्चों के साथ-साथ सरकारी‚ सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लगभग 50 लाख शिक्षक स्वयंसेवक के रूप में भाग लेंगे।
- पंचायती राज संस्थाओं‚ आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं और अन्य संगठनों के लगभग 50 लाख स्वयं सेवकों की सहायता ली जाएगी।
- ध्यातव्य है कि देश में प्रौढ़ शिक्षा का नाम बदलकर अब ‘सभी के लिए शिक्षा कर दिया गया है’।
लेखक – विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…