प्रश्न – निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए—
- नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक उड़ान 15 जुलाई, 2026 को संचालित हुई।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-207 संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी के लिए रवाना हुई।
- नवी मुंबई–अबू धाबी मार्ग पर प्रतिदिन तीन उड़ानें संचालित की जाएंगी।
- पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ शीघ्र खराब होने वाले कृषि उत्पादों की पहली अंतरराष्ट्रीय माल खेप भी भेजी गई।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1, 2 और 4
(c) केवल 2, 3 और 4
(d) 1, 2, 3 और 4
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 15 जुलाई, 2026 को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) से पहली अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ान का संचालन किया गया।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-207 प्रातः 2:55 बजे संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी के लिए रवाना हुई।
- इसके साथ ही नवी मुंबई हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई।
- नवी मुंबई–अबू धाबी मार्ग पर एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा सप्ताह में तीन उड़ानें संचालित की जाएंगी।
- पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ शीघ्र खराब होने वाले कृषि उत्पादों की पहली अंतरराष्ट्रीय माल खेप भी भेजी गई।
- इससे हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय कार्गो परिचालन की शुरुआत हुई तथा कृषि निर्यात को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
- नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने दिसंबर 2025 में घरेलू परिचालन प्रारंभ किया था।
- अंतरराष्ट्रीय सेवा शुरू होने से पहले यह 46 घरेलू गंतव्यों से जुड़ चुका था और लगभग 23 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान कर चुका था।
- लगभग 1,160 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस हवाई अड्डे की प्रथम चरण की वार्षिक क्षमता 2 करोड़ यात्रियों और 5 लाख टन कार्गों की है।
- पूर्ण विकास के बाद इसकी यात्री क्षमता प्रतिवर्ष 9 करोड़ होगी।
- यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दबाव कम करने तथा मुंबई महानगरीय क्षेत्र को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…