दो प्रमुख वैज्ञानिक संस्थान ‘निर्दिष्ट भंडार’ के रूप में अधिसूचित

प्रश्न – हाल ही में ‘निर्दिष्ट भंडार’ के रूप में अधिसूचित संस्थानों के संबंध में निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजिए –

  1. रेफरल केंद्र भवसागर — समुद्री सजीव संसाधन एवं पारिस्थितिकी केंद्र, कोच्चि
  2. महाराष्ट्र एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस (MACS) सूक्ष्मजीव संग्रह एवं राष्ट्रीय कवक संवर्धन संग्रह — आघारकर अनुसंधान संस्थान, पुणे
    उपर्युक्त युग्मों में से कौन-सा/से सही सुमेलित है/हैं?
    (a) केवल 1
    (b) केवल 2
    (c) 1 और 2 दोनों
    (d) न तो 1, न ही 2
    उत्तर – (c)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • राष्ट्रीय जैव-विविधता प्राधिकरण (एनबीए) ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के परामर्श से दो प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों को ‘निर्दिष्ट भंडार’ (Designated Repositories) के रूप में अधिसूचित किया है।
  • कोच्चि स्थित समुद्री सजीव संसाधन एवं पारिस्थितिकी केंद्र (सीएमएलआरई) के ‘रेफरल केंद्र भवसागर’ तथा पुणे स्थित आघारकर अनुसंधान संस्थान के अंतर्गत ‘महाराष्ट्र एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस (MACS) सूक्ष्मजीव संग्रह एवं राष्ट्रीय कवक संवर्धन संग्रह’ को निर्दिष्ट भंडार के रूप में अधिसूचित किया गया है।
  • यह अधिसूचना जैविक विविधता अधिनियम, 2002 की धारा 39 के अंतर्गत जारी की गई है, जो केंद्र सरकार को विभिन्न श्रेणियों के जैविक संसाधनों के संरक्षण हेतु संस्थानों को भंडार के रूप में नामित करने का अधिकार प्रदान करती है।
  • इस पहल का उद्देश्य देश में जैविक संसाधनों के वैज्ञानिक संरक्षण, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण तथा अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना है।
  • भंडार के रूप में नामित इन संस्थानों की प्रमुख जिम्मेदारी जैविक सामग्रियों, विशेषकर वाउचर नमूनों, का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक संरक्षण सुनिश्चित करना है।
  • इसके अतिरिक्त, यदि कोई नई प्रजाति की खोज की जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के लिए यह अनिवार्य होगा कि वह निर्धारित भंडार को सूचित करे तथा उस प्रजाति का वाउचर नमूना जमा करे।
  • कोच्चि स्थित सीएमएलआरई का ‘रेफरल केंद्र भवसागर’ गहरे समुद्र की जैव विविधता के संरक्षण के लिए समर्पित एक राष्ट्रीय स्तर की सुविधा है, जिसमें हजारों वर्गीकृत और भू-संदर्भित नमूनों का संरक्षण किया जाता है।
  • दूसरी ओर, आघारकर अनुसंधान संस्थान, पुणे में स्थित MACS सूक्ष्मजीव संग्रह तथा राष्ट्रीय कवक संवर्धन संग्रह देश के प्रमुख सूक्ष्मजीव एवं कवक भंडारों में से एक हैं, जो कृषि, स्वास्थ्य और औद्योगिक अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करते हैं।
  • अब तक जैविक विविधता अधिनियम के अंतर्गत 18 संस्थानों को भंडार के रूप में अधिसूचित किया जा चुका है, और इन दो नए संस्थानों के जुड़ने से यह राष्ट्रीय नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ हो गया है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://orissadiary.com/government-notifies-two-key-institutions-as-repositories-under-biological-diversity-act-2002