दिल्ली–ओस्लो स्मार्ट ट्रांसपोर्ट इनिशिएटिव (DOSTI)

प्रश्न – निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए —

  1. ‘दिल्ली–ओस्लो स्मार्ट ट्रांसपोर्ट इनिशिएटिव (DOSTI)’ की घोषणा ‘इंडिया क्लीन ट्रांसपोर्टेशन समिट–2025’ के दौरान की गई।
  2. इस साझेदारी को इंटरनेशनल काउंसिल ऑन क्लीन ट्रांसपोर्टेशन (ICCT) ने सुगम बनाया है।
  3. DOSTI का सहयोग केवल इलेक्ट्रिक बसों और सार्वजनिक ईवी चार्जिंग अवसंरचना तक सीमित है।
  4. दिल्ली सरकार ने वर्ष 2030 तक दिल्ली को इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आदर्श शहर अथवा ‘ईवी राजधानी’ बनाने की परिकल्पना प्रस्तुत की है।
    उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?
    (a) केवल 1 और 2 (b) केवल 1, 2 और 4
    (c) केवल 2, 3 और 4 (d) 1, 2, 3 और 4
    उत्तर – (b)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • 25 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया क्लीन ट्रांसपोर्टेशन समिट (ICTS)-2025’ के दौरान दिल्ली और नॉर्वे की राजधानी ओस्लो के बीच ‘दिल्ली–ओस्लो स्मार्ट ट्रांसपोर्ट इनिशिएटिव (DOSTI)’ की घोषणा की गई।
  • DOSTI का पूर्ण रूप —Delhi–Oslo Smart Transport Initiative है।
  • ‘DOSTI’ नाम दोनों शहरों के बीच मित्रता और पारस्परिक सहयोग को दर्शाता है।
  • इसकी घोषणा दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने की।
  • इस साझेदारी को इंटरनेशनल काउंसिल ऑन क्लीन ट्रांसपोर्टेशन (ICCT) ने सुगम बनाया।
  • इस पहल का प्रमुख उद्देश्य शहरी इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देना, परिवहन क्षेत्र का डीकार्बोनाइजेशन करना तथा दिल्ली और ओस्लो के बीच तकनीकी एवं नीतिगत ज्ञान का आदान-प्रदान करना है।
  • इसके अंतर्गत इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, सार्वजनिक ईवी चार्जिंग अवसंरचना, स्वच्छ माल परिवहन और शून्य-उत्सर्जन परिवहन संबंधी अनुभव साझा किए जाएंगे।
  • दिल्ली, ओस्लो की उन्नत सार्वजनिक चार्जिंग व्यवस्था और शून्य-उत्सर्जन तकनीकों से सीखेगी, जबकि ओस्लो दिल्ली के बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन संबंधी अनुभव से लाभान्वित होगा।
  • सहयोग का दायरा सड़क परिवहन तक सीमित नहीं है,इसमें शून्य-उत्सर्जन निर्माण मशीनरी को भी शामिल किया गया है।
  • वर्ष 2024 में ओस्लो की 85 प्रतिशत नगरपालिका निर्माण परियोजनाओं में शून्य-उत्सर्जन मशीनरी का उपयोग किया गया था।
  • ओस्लो ने वर्ष 2025 तक नगरपालिका निर्माण कार्यों को पूर्णतः शून्य-उत्सर्जन बनाने का लक्ष्य रखा था।
  • दिल्ली सरकार ने 2030 तक दिल्ली को इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आदर्श शहर अथवा ‘ईवी राजधानी’ बनाने की परिकल्पना प्रस्तुत की।
  • DOSTI शहर-से-शहर सहयोग के माध्यम से स्वच्छ, टिकाऊ और कम-कार्बन शहरी परिवहन विकसित करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://auto.economictimes.indiatimes.com/news/industry/delhi-and-oslo-launch-dosti-partnership-to-enhance-electric-mobility/123515059

https://humansofev.info/delhi-and-oslo-launch-collaborative-urban-e-mobility-initiative-for-a-cleaner-future/