प्रश्न-दिसंबर‚ 2021 में नीति आयोग ने चौथा राज्य स्वास्थ्य सूचकांक‚ 2019-20 जारी किया। इससे संबंधित निम्न कथनों पर विचार कीजिए-
(i) सूचकांक में बड़े राज्यों में केरल को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है।
(ii) छोटे राज्यों में मिजोरम को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
(iii) केंद्रशासित प्रदेशों में दादरा एवं नागर हवेली व दमन एवं दीव को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
(a) केवल (i) एवं (ii)
(b) केवल (ii) एवं (iii)
(c) केवल (i) एवं (iii)
(d) उपर्युक्त सभी
उत्तर—(d)
संबंधित तथ्य
- दिसंबर‚ 2021 में नीति आयोग ने चौथा राज्य स्वास्थ्य सूचकांक (State Health Index), 2019-20 जारी किया।
- इस रिपोर्ट का शीर्षक ‘स्वास्थ राज्य प्रगतिशील भारत’ है।
- यह राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की रैंकिंग उनके स्वास्थ्य परिणामों में साल-दर-साल क्रमिक प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी व्यापक स्थिति के आधार पर तय करती है।
- यह रिपोर्ट राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के वर्ष 2018-19 से 2019-20 की अवधि में व्यापक प्रदर्शन और क्रमिक सुधार को मापने और उन्हें रेखांकित करने पर केंद्रित है।
- इस रिपोर्ट को नीति आयोग ने विश्व बैंक की तकनीकी सहायता और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के गहन परामर्श से विकसित किया है।
- यह सूचकांक राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रदर्शन के आकलन करने के लिए एक वार्षिक साधन है।
- यह ‘स्वास्थ्य से संबंधित परिणामों’‚ ‘शासन व सूचना’ और प्रमुख इनपुट/प्रक्रियाओं’ के क्षेत्र के तहत एक समूह में एकत्रित 24 संकेतकों पर आधारित एक भारित (वेटेज) समेकित सूचकांक है।
- परिणाम संकेतकों के लिए उच्च अंक के साथ हर एक क्षेत्र को इसके महत्व के आधार पर भार तय किया गया है।
- रैंकिंग को ‘बड़े राज्यों’‚ ‘छोटे राज्यों’ और ‘केंद्रशासित प्रदेशों’ में बांटा गया है।
- वर्ष 2019-20 में समेकित सूचकांक अंक के आधार पर व्यापक रैंकिंग के तहत राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों का प्रदर्शन इस प्रकार हैं-
- बड़े राज्यों की श्रेणी में कुल 19 राज्यों में केरल को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
- इसके पश्चात तमिलनाडु दूसरे‚ तेलंगाना तीसरे‚ आंध्र प्रदेश चौथे तथा महाराष्ट्र पांचवें स्थान पर रहे।
- इस श्रेणी में समग्र प्रदर्शन के मामले में उत्तर प्रदेश को सबसे निचला स्थान (19वां) प्राप्त हुआ।
- जबकि इसी श्रेणी के तहत वार्षिक क्रमिक प्रदर्शन के मामले में उत्तर प्रदेश‚ असम और तेलंगाना शीर्ष तीन रैंकिंग वाले राज्य हैं।
- छोटे राज्यों की श्रेणी में कुल 8 राज्यों में मिजोरम को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
- इसके पश्चात त्रिपुरा को दूसरा‚ सिक्किम को तीसरा‚ गोवा को चौथा तथा मेघालय को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
- इस श्रेणी में समग्र प्रदर्शन के मामले में नगालैंड को निचला स्थान (8वां) प्राप्त हुआ।
- जबकि इस श्रेणी में मिजोरम और मेघालय ने अधिकतम वार्षिक क्रमिक प्रगति दर्ज की है।
- सात केंद्रशासित प्रदेशों की श्रेणी में दादरा एवं नागर हवेली व दमन एवं दीव को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
- इसके पश्चात चंडीगढ़ को दूसरा‚ लक्षद्वीप को तीसरा‚ पुडुचेरी को चौथा तथा दिल्ली को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
- अंडमान एवं निकोबार को निचला स्थान (7 वां) प्राप्त हुआ।
- जबकि इस श्रेणी में दिल्ली के बाद जम्मू और कश्मीर ने सबसे अच्छा क्रमिक प्रदर्शन किया जा रहा है।
- इस सूचकांक को वर्ष 2017 से संकलित और प्रकाशित किया जा रहा है।
- इस रिपोर्ट का उद्देश्य राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों के निर्माण और स्वास्थ्य सेवा के वितरण में सुधार के लिए प्रेरित करना है।
लेखक-विवेक कुमार त्रिपाठी
संबंधित लिंक भी देखें…