प्रश्न – चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर चावल की लगातार दो पीढ़ियों की खेती के प्रयोग के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए—
कथन-I: सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में पौधों की वृद्धि, पुष्पन, प्रजनन तथा आनुवंशिक स्थिरता पृथ्वी की तुलना में प्रभावित हो सकती है।
कथन-II: अंतरिक्ष में पानी, मिट्टी और परागकणों का व्यवहार पृथ्वी की तरह नहीं होता, क्योंकि वहाँ सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण की स्थिति होती है।
उपर्युक्त कथनों के संबंध में सही उत्तर चुनिए:
(a) कथन-I और कथन-II दोनों सही हैं तथा कथन-II, कथन-I की सही व्याख्या करता है।
(b) कथन-I और कथन-II दोनों सही हैं, लेकिन कथन-II, कथन-I की सही व्याख्या नहीं करता है।
(c) कथन-I सही है, लेकिन कथन-II गलत है।
(d) कथन-I गलत है, लेकिन कथन-II सही है।
उत्तर – (a)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 2 अगस्त 2026 को चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर शेनझोउ-23 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष में उगाए गए चावल की पहली फसल के प्रयोगात्मक नमूनों का संग्रह और भंडारण पूरा किया।
- नमूनों के एक हिस्से को -80°C पर अल्ट्रा-लो तापमान भंडारण में रखा गया है, जिन्हें बाद में पृथ्वी पर लाकर वैज्ञानिकों द्वारा विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
- यह प्रयोग अंतरिक्ष में चावल की लगातार दो पीढ़ियों की खेती से संबंधित है और इसका उद्देश्य सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में चावल की वृद्धि, प्रजनन क्षमता तथा आनुवंशिक स्थिरता का अध्ययन करना है।
- 24 मई 2026 को शेनझोउ-23 मिशन को लांच किया गया जिसके बाद इस प्रयोग को तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर शुरू किया गया।
- लगभग माइक्रोवेव के आकार के विशेष प्रयोगात्मक मॉड्यूल में छोटी, बौनी और जल्दी पकने वाली चावल की किस्मों को उगाया गया।
- वैज्ञानिकों ने ऐसे बीजों की तुलना की जो कभी अंतरिक्ष में नहीं गए थे, उन बीजों से जिनके पूर्वज वर्ष 2022 में अंतरिक्ष में उगाए गए चावल से प्राप्त हुए थे और जिन्हें पृथ्वी पर आगे की पीढ़ियों तक विकसित किया गया था।
- वर्ष 2022 में चीन ने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के वेनतियान प्रयोगशाला मॉड्यूल में पहली बार चावल का पूरा “बीज से बीज” जीवन-चक्र अंतरिक्ष में पूरा किया था।
- अंतरिक्ष में उगाए गए चावल से प्राप्त बीजों को पृथ्वी पर वापस लाकर आगे की पीढ़ियों में विकसित किया गया।
- वर्तमान प्रयोग इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए अंतरिक्ष में दूसरी पीढ़ी के चावल को विकसित करने पर केंद्रित है।
- वर्ष 2016 में तियांगोंग-2 अंतरिक्ष प्रयोगशाला में अरबिडोप्सिस और चावल जैसे स्व-परागित पौधों पर प्रयोग किए गए।
- इन अध्ययनों से पता चला कि सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण पौधों में पुष्पन से संबंधित जीनों की अभिव्यक्ति और परिवहन को प्रभावित कर सकता है, जिसके कारण अंतरिक्ष में पौधों के फूल आने में देरी हो सकती है।
- वर्ष 2006 में शिजियान-8 उपग्रह मिशन में पौधों के पुष्पन और परागण का अध्ययन किया गया।
- वैज्ञानिकों ने पाया कि सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में परागकण पृथ्वी की तरह सीधे वर्तिकाग्र तक नहीं पहुँचते, बल्कि अंतरिक्ष में तैर सकते हैं।
- इसलिए भविष्य में अंतरिक्ष में पर-परागित फसलों की खेती के लिए कृत्रिम या सहायक परागण की आवश्यकता हो सकती है।
- वर्ष 2002 में शेनझोउ-4 मिशन के दौरान चीन की वैज्ञानिक टीम ने अंतरिक्ष में कोशिका संलयन और पौधों के जैविक प्रजनन से संबंधित प्रयोग किए।
- इन शुरुआती प्रयोगों ने बाद में अंतरिक्ष में पौधों के पुष्पन, परागण, प्रजनन और पूरे जीवन-चक्र के अध्ययन का आधार तैयार किया।
- इस पूरे प्रयोग का महत्व यह है कि यदि चावल जैसी प्रमुख खाद्य फसलों को अंतरिक्ष में लगातार कई पीढ़ियों तक उगाया जा सके, तो भविष्य में चंद्रमा और मंगल पर स्थानीय खाद्य उत्पादन संभव हो सकता है।
- इससे लंबे समय के अंतरिक्ष अभियानों में पृथ्वी से खाद्य सामग्री ले जाने की निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
लेखक- विवेक त्रिपाठी
संबंधित लिंक भी देखें…
https://english.news.cn/20260617/c85652e6b41342a981c563415ac71313/c.html