प्रश्न-19 फरवरी‚ 2021 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ‘गो इलेक्ट्रिक’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत किसे सार्वजनिक चार्जिंग‚ ई-मोबिलिटी और इससे जुड़े तंत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है?
(a) प्रसार भारती
(b) ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी
(c) इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय
(d) सूचना प्रसारण प्रभाग
उत्तर—(b)
संबंधित तथ्य
- 19 फरवरी‚ 2021 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग‚ सूक्ष्म‚ लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री नितिन गडकरी ने ‘गो इलेक्ट्रिक’ अभियान का शुभारंभ किया।
- यह अभियान ई-मोबिलिटी और ईवी चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ भारत में इलेक्ट्रिक कुकिंग के लाभों के विषय में जागरूकता का प्रसार करने के लिए शुरू किया गया है।
- इस अभियान का उद्देश्य अखिल भारतीय स्तर पर जागरूकता पैदा करना है और इससे इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं के विश्वास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
- इस कार्यक्रम में ‘गो इलेक्ट्रिक’ अभियान के लोगो (LOGO) का भी अनावरण किया गया‚ जो ई-मोबिलिटी से जुड़े माहौल के विकास को दर्शाता है।
- कार्यक्रम में ‘भारत में ई-मोबिलिटी से जुड़े बुनियादी ढांचे के उन्नयन और ई-मोबिलिटी में विभिन्न हितधारकों की भूमिका’ विषय पर एक विचार-संगोष्ठी आयोजित की गई।
- विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) को सार्वजनिक चार्जिंग‚ ई-मोबिलिटी और इससे जुड़े तंत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर ‘गो इलेक्ट्रिक’ अभियान को लागू करने हेतु राज्य द्वारा नामित एजेंसियों (एसडीए) को बीईई तकनीकी सहायता प्रदान करेगी।
- केंद्रीय नोडल एजेंसी के रूप में बीईई इस अभियान से जुड़ी सूचना की एकरूपता सुनिश्चित करने हेतु राज्य द्वारा नामित एजेंसियों और अन्य भागीदारों को इससे जुड़ी सामग्री और विस्तृत विवरण मुहैया कराएगी।
लेखक− विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…