एमएसएमई मंत्रालय – अमेज़न के मध्य समझौता

प्रश्न – 13 दिसंबर, 2025 में एमएसएमई मंत्रालय और अमेज़न के बीच हुआ समझौता ज्ञापन (MoU) किस योजना के अंतर्गत पंजीकृत कारीगरों को डिजिटल बाज़ार से जोड़ने के लिए किया गया?
(a) स्टार्टअप इंडिया योजना
(b) पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP)
(c) पीएम विश्वकर्मा योजना
(d) आत्मनिर्भर भारत अभियान
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 13 दिसंबर, 2025 में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई मंत्रालय) ने पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पंजीकृत कारीगरों को डिजिटल बाज़ार से जोड़ने के उद्देश्य से अमेज़न सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
  • यह समझौता-ज्ञापन नई दिल्‍ली के निर्माण भवन में विकास आयुक्त कार्यालय और अमेज़न की टीम के बीच संपन्न हुआ।
  • पीएम विश्वकर्मा योजना, जिसकी शुरुआत 17 सितंबर, 2023 को हुई थी, पारंपरिक कारीगरों को समग्र एवं अंत-से-अंत सहायता प्रदान करती है।
  • इस योजना के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराना, ऋण सुविधा, बाज़ार पहुँच का विस्तार तथा गुरु–शिष्य परंपरा के माध्यम से पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक कलाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
  • इस समझौते के माध्यम से अमेज़न, एमएसएमई मंत्रालय के साथ मिलकर बढ़ईगीरी, मिट्टी के बर्तन, धातु शिल्प, स्वर्णकार, मूर्तिकला, दर्ज़ी कार्य, ताला निर्माण, टोकरी/चटाई/कोयर निर्माण, गुड़िया व खिलौना निर्माण, माला निर्माण, मोची कार्य आदि जैसे पारंपरिक उत्पाद-आधारित व्यवसायों से जुड़े विश्वकर्मा कारीगरों को अपने ऑनलाइन मार्केटप्लेस से जोड़ेगा।
    ० इस साझेदारी के प्रमुख बिंदु –
    . अमेज़न, पात्र पीएम विश्वकर्मा कारीगरों को अपने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर शामिल करने में सहायता करेगा।
    . एमएसएमई मंत्रालय, आवश्यक अनुमतियों, पंजीकरण और स्वीकृतियों को मौजूदा नियमों के अनुरूप प्राप्त करने में सहयोग करेगा।
    . अमेज़न का करिगर पहल, हस्तनिर्मित उत्पादों की दृश्यता बढ़ाने और कारीगरों के डिजिटलीकरण को प्रोत्साहित करेगा।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://knnindia.co.in/news/newsdetails/msme/msme-ministry-partners-with-amazon-to-boost-market-access-for-pm-vishwakarma-artisans