प्रश्न – जापान के एमएमएक्स (MMX) मिशन के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –
1. इसका मुख्य उद्देश्य मंगल के उपग्रह फोबोस से कम-से-कम 10 ग्राम नमूने एकत्र करके पृथ्वी पर लाना है।
2. यह मिशन फोबोस के साथ मंगल तथा उसके दूसरे उपग्रह डीमोस का भी अवलोकन करेगा।
3. इसका वैज्ञानिक उद्देश्य मंगल के उपग्रहों की उत्पत्ति तथा मंगल तंत्र के विकास को समझना है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं?
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 2 और 3
(c) केवल 1 और 3
(d) 1, 2 और 3
उत्तर – (d)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 20 अक्टूबर, 2026 को जापान की अंतरिक्ष एजेंसी जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (JAXA) ने मंगल के उपग्रह फोबोस से नमूने एकत्र करने के उद्देश्य से एमएमएक्स (MMX) मिशन का सफल प्रक्षेपण किया।
- इसे जापान के तानेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से एच-3 (H3) रॉकेट की उड़ान संख्या 10 द्वारा भेजा गया।
- प्रक्षेपण जापान मानक समयानुसार सुबह 4 बजकर 41 मिनट 3 सेकंड पर हुआ।
- एमएमएक्स का पूरा नाम मार्शियन मून्स एक्सप्लोरेशन (Martian Moons eXploration) है।
- इसका मुख्य उद्देश्य फोबोस की सतह से कम-से-कम 10 ग्राम नमूने एकत्र करके पृथ्वी पर लाना है।
- अंतरिक्ष यान फोबोस का विस्तृत अध्ययन करने के साथ मंगल तथा उसके दूसरे उपग्रह डीमोस का भी अवलोकन करेगा।
- लगभग पाँच वर्ष के इस अभियान के अंतर्गत यान के 2027 में मंगल के निकट पहुँचने और 2031 में नमूने पृथ्वी पर लाने की योजना है।
- सफल होने पर यह मंगल क्षेत्र से नमूने पृथ्वी पर लाने वाला विश्व का पहला मिशन होगा।
- इस मिशन का वैज्ञानिक उद्देश्य मंगल के उपग्रहों की उत्पत्ति और मंगल तंत्र के विकास को समझना है।
- नमूनों के विश्लेषण से यह जाँचने में सहायता मिलेगी कि फोबोस और डीमोस किसी विशाल टक्कर से निकले मलबे से बने थे या मंगल के गुरुत्वाकर्षण द्वारा पकड़े गए क्षुद्रग्रह हैं।
- इसके अतिरिक्त, अभियान सौरमंडल में जल और कार्बनिक पदार्थों के परिवहन को समझने तथा भविष्य के अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए आवश्यक तकनीक विकसित करने में योगदान देगा।
- फोबोस से नमूना-संग्रह और उनकी पृथ्वी पर वापसी अभी मिशन के आगामी चरण हैं।
लेखक- विवेक त्रिपाठी
संबंधित लिंक भी देखें…
https://en.wikipedia.org/wiki/Martian_Moons_eXploration#/media/File:MMX-CG02.jpg