प्रश्न – आरोग्य सेतु 2.0 के माध्यम से नागरिक कौन-कौन-सी सुविधाएँ प्राप्त कर सकते हैं?
- आभा नंबर बनाना
- स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन
- स्कैन एंड शेयर सुविधा से अस्पतालों में डिजिटल पंजीकरण
- चुनावी पहचान-पत्र का डिजिटल सत्यापन
सही कूट का चयन कीजिए—
(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1, 2 और 3
(c) केवल 2, 3 और 4
(d) 1, 2, 3 और 4
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 29 जून, 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने ‘आरोग्य सेतु 2.0’ का शुभारंभ किया।
- इसे प्रत्येक नागरिक के लिए एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य ऐप के रूप में विकसित किया गया है।
- आरोग्य सेतु ऐप मूल रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान संपर्क निगरानी, जोखिम संबंधी जागरूकता और नागरिक सहभागिता के लिए बनाया गया था।
- महामारी के बाद इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण को हस्तांतरित कर दिया, ताकि इसका उपयोग भारत के डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र में दीर्घकालिक रूप से किया जा सके।
- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अनुरूप आरोग्य सेतु को अब नया स्वरूप देकर व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड और नागरिकों के लिए एक डिजिटल स्वास्थ्य एप्लिकेशन के रूप में तैयार किया गया है।
- इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच के लिए एक सरल, सुरक्षित और नागरिक-केन्द्रित डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है।
- यह ऐप व्यक्तियों और परिवारों के लिए स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके उपयोग को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
- आरोग्य सेतु 2.0 के माध्यम से नागरिक आभा नंबर बना सकेंगे, अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन कर सकेंगे तथा स्कैन एंड शेयर सुविधा से अस्पतालों में डिजिटल पंजीकरण कर सकेंगे।
- इसमें एआई की सहायता से पीडीएफ या चित्र के रूप में उपलब्ध लैब रिपोर्ट और अन्य चिकित्सा रिकॉर्डों को डिजिटाइज करने की सुविधा दी गई है।
- इसके आधार पर व्यक्तिगत स्वास्थ्य डैशबोर्ड भी तैयार किया जा सकेगा।
- इस ऐप में फिटनेस ट्रैकर या स्मार्टवॉच से जुड़े कदमों की गिनती, कैलोरी, हृदय गति, रक्त शर्करा स्तर और स्वास्थ्य लक्ष्यों की निगरानी की सुविधा भी उपलब्ध है।
- पीएम-जेएवाई वॉलेट के माध्यम से उपयोगकर्ता स्वास्थ्य बीमा कवरेज, उपयोग की गई राशि और शेष उपलब्ध राशि की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
- सीएपीएफ कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य नीति, परिवार के सदस्यों और प्रतिपूर्ति राशि से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध होगी।
- आरोग्य सेतु 2.0 में निजी बीमा विवरण, निकटवर्ती स्वास्थ्य सुविधाओं की खोज, एम्बुलेंस बुकिंग, ई-रक्तकोष के माध्यम से रक्त इकाइयों की उपलब्धता, दवा लेने के रिमाइंडर और परिवार प्रबंधन जैसी सुविधाएँ शामिल हैं।
- उपयोगकर्ता 5 से 50 किलोमीटर की दूरी तक अस्पतालों, क्लीनिकों, डायग्नोस्टिक केन्द्रों और डॉक्टरों की जानकारी खोज सकते हैं।
- इसमें पीएम-जेएवाई पैनल में शामिल अस्पतालों की खोज की सुविधा भी दी गई है, जिससे कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने वाले अस्पतालों का पता लगाया जा सकेगा।
- माय कंसेंट सुविधा उपयोगकर्ताओं को अपने स्वास्थ्य डेटा को साझा करने की अनुमति पर पूर्ण नियंत्रण प्रदान करती है।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2278988®=6&lang=1