अरविंद गोबिंद राम केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया

प्रश्न- हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनावों के उपरांत आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री (व्यक्ति) के रूप में उनका क्रमांक है?
(a) सातवां (b) आठवां
(c) नौवां (d) दसवां
उत्तर-(b)
संबंधित तथ्य

  • 14 फरवरी, 2015 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के आठवें (8वें) मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जबकि व्यक्ति के रूप में वे दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री हैं।
  • दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पांच अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
  • अन्य मंत्रियों में असीम अहमद खान, संदीप कुमार, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय और जितेंद्र सिंह तोमर शामिल हैं।
  • शपथ के उपरांत, 46 वर्षीय केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार, सांप्रदायिक तत्वों और वी.आई.पी. संस्कृति के खिलाफ कदम उठाना उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में है।
  • केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने हेतु संघर्ष करती रहेगी।
  • केजरीवाल ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार दिल्ली को भारत का प्रथम भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाएगी।
  • अरविन्द केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा की सीट, भाजपा की नूपुर शर्मा को 31,583 मतों से पराजित कर जीता।
  • इसके अलावा अन्य दोनों पार्टियों के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार किरण बेदी (भाजपा) और अजय माकन (कांग्रेस) को अपनी-अपनी विधानसभा सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
  • उल्लेखनीय है कि अरविंद केजरीवाल को वर्ष 2006 में सीएनएन-आईबीएन द्वारा ‘इंडियन ऑफ द ईयर पुरस्कार’ तथा वर्ष 2006 में रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
  • 7 फरवरी, 2015 को हुए दिल्ली विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को कुल 70 सीटों में से 67 सीटों पर विजय प्राप्त हुई, जबकि 3 सीटें भाजपा के खाते में गयीं। वहीं कांग्रेस पार्टी का खाता भी नहीं खुल सका।
  • उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति महोदय द्वारा हस्ताक्षरित आदेश द्वारा शनिवार 14 फरवरी, 2015 से दिल्ली से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया।
  • ध्यातव्य है कि पिछले वर्ष 14 फरवरी, 2014 को ही तत्कालीन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा त्यागपत्र देने के बाद 17 फरवरी, 2014 से दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू था।
  • अरविन्द केजरीवाल की पिछली सरकार सिर्फ 49 दिनों तक ही चली थी।
  • उल्लेखनीय है कि आजादी के बाद वर्ष 1952-1956 तथा उसके बाद 37 साल के अंतराल को छोड़कर वर्ष 1993 से व्यक्ति के रूप दिल्ली में कुल सात मुख्यमंत्री बनाए गये।
  • वर्ष 1952 में जब दिल्ली भारतीय संघ का पार्ट-सी राज्य बना था तब चौधरी ब्रह्म प्रकाश दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए थे।
  • उनके तीन वर्षों के कार्यकाल के उपरांत वर्ष 1955 में गुरुमुख सिंह निहाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने।
  • इसके एक वर्ष पश्चात ही विधानसभा समाप्त कर दी गई तथा वर्ष 1966 में दिल्ली महानगर परिषद (Delhi Metropolitan Council) ने इसका स्थान लिया।
  • दिल्ली के महानगर परिषद के आम चुनाव वर्ष 1972, वर्ष 1977 तथा वर्ष 1983 में संपन्न कराए गये थे।
  • इसके उपरांत संविधान (69वां संशोधन) अधिनियम, 1991 के तहत दिल्ली संघ राज्य क्षेत्र (Union Territory of Delhi) को दिल्ली का राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (National Territory of Delhi) में परिवर्तित किया गया तथा अनुच्छेद 239 के अधीन प्रशासक को लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में नामित किया गया।
  • इस संविधान संसोधन के तहत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक विधान सभा का गठन किया गया जिसकी सीटें आम चुनाव के माध्यम से भरने का प्रावधान किया गया।
  • इसके बाद वर्ष 1993 में 37 वर्षों के उपरांत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की विधान सभा के आम चुनाव (General Election to the Legislative Assembly of NCT of Delhi-1993) संपन्न हुए। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के मदन लाल खुराना दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए।

संबंधित लिंक भी देखे…
http://delhi.gov.in/wps/wcm/connect/DoIT/delhi+govt/delhi+home/departments/executives/ministers
http://delhi.gov.in/wps/wcm/connect/doit_lg/New/LG/Photo+Gallery/Lieutenant+Governor+administrating+the+oath+to+Sh.+Arvind+Kejriwal+as+Chief+Minister+and+Council+of+Ministers+at+Ramlila+Maidan%2C+Delhi
http://en.wikipedia.org/wiki/Arvind_Kejriwal
http://delhiassembly.nic.in/history_assembly.htm