प्रश्न – 10 से 15 सितंबर, 2026 तक आयोजित विश्व शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप,2026 में भारत के प्रदर्शन के संबंध में कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) भारत ने कुल छह पदक जीते।
(b) भारत के पदकों में एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य शामिल थे।
(c) महिलाओं की R2–10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 टीम स्पर्धा में मिली शाह, मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा की भारतीय तिकड़ी ने 1878.6 अंक अर्जित करके स्वर्ण पदक जीता।
(d) P2 महिला 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 की व्यक्तिगत स्पर्धा में अवनि लेखरा ने फाइनल में 213.1 अंक अर्जित करते हुए कांस्य पदक जीता।
उत्तर – (d)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 10 से 15 सितंबर, 2026 तक विश्व शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप,2026 का आयोजन दक्षिण कोरिया के चांगवोन इंटरनेशनल शूटिंग रेंज में किया गया। प्रतियोगिता में 53 देशों के कुल 324 निशानेबाजों ने भाग लिया।
- भारत ने 18 सदस्यीय दल भेजा, जिसका नेतृत्व दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा और टोक्यो पैरालंपिक चैंपियन मनीष नरवाल ने किया।
- दक्षिण कोरिया में विश्व शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप का यह तीसरा आयोजन था; इससे पहले सियोल में 2002 और चियोंगजू में 2018 में इसका आयोजन हुआ था।
- चांगवोन ने पहली बार इस विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी की।
- भारत ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक जीते।
- महिलाओं की R2–10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 टीम स्पर्धा में मिली शाह, मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा की भारतीय तिकड़ी ने 1878.6 अंक अर्जित करके स्वर्ण पदक जीता।
- इसी स्पर्धा की व्यक्तिगत प्रतियोगिता में मोना अग्रवाल ने 250.0 अंकों के साथ रजत पदक प्राप्त किया, जबकि अवनि लेखरा ने कांस्य पदक जीता।
- मोना अग्रवाल ने भारत के लिए लॉस एंजिल्स पैरालंपिक खेल 2028 का कोटा स्थान भी हासिल किया।
- पुरुषों की R1–10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 टीम स्पर्धा में राकेश निदागुंडी, आनंद कृष्ण और स्वरूप उन्हालकर की भारतीय टीम ने 1856.3 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया।
- महिलाओं की P2–10 मीटर एयर पिस्टल SH1 टीम स्पर्धा में सृष्टि अरोड़ा, भक्ति शर्मा और सुमेधा पाठक ने संयुक्त रूप से 1690 अंक बनाकर भारत को एक और रजत पदक दिलाया।
- P2 महिला 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 की व्यक्तिगत स्पर्धा में 20 वर्षीय भक्ति शर्मा ने फाइनल में 213.1 अंक अर्जित करते हुए कांस्य पदक जीता।
- इससे पहले उन्होंने क्वालिफिकेशन में 565 अंक बनाकर जूनियर क्वालिफिकेशन विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था।
- इस स्पर्धा में ईरान की फाएजेह अहमदी ने 238.3 अंकों के साथ स्वर्ण और नसरीन शाही समाखौन ने 233.7 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
- टीम स्पर्धा में ईरान ने 1707 अंकों के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण, भारत ने रजत और चीन ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
- मेजबान दक्षिण कोरिया 10 स्वर्ण सहित कुल 21 पदकों के साथ समग्र पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।
- इसके बाद चीन ने 14, पोलैंड ने 10, इटली ने 8 और स्लोवाकिया ने 5 पदक जीते।
- प्रतियोगिता में कुल 24 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक 2028 कोटा स्थान दिए गए, जिनमें पुरुषों के 13 और महिलाओं के 11 कोटा शामिल थे।
- ये कोटा स्थान 15 देशों ने हासिल किए।
- चैंपियनशिप में कई विश्व रिकॉर्ड भी बने।
- दक्षिण कोरिया के जो जियोंगडू ने पुरुषों की P1–10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में 244.4 अंकों तथा जिन्हो पार्क ने पुरुषों की R7–50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन SH1 में 354.7 अंकों के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीते।
- स्लोवाकिया के रादोस्लाव मालेनोव्स्की ने पुरुषों की R1–10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में 251.2 अंकों का विश्व रिकॉर्ड स्थापित करके खिताब अपने नाम किया।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://www.issf-sports.org/news/5213
https://newsmantra.in/vbf-athletes-changwon-2026-wsps-world-championships/