रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा छठी सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची अधिसूचित

प्रश्न – रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा अगस्त 2026 में अधिसूचित छठी सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची (PIL) के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) सूची में सामरिक महत्त्व की कुल 405 वस्तुएँ शामिल हैं, जिनका अनुमानित व्यावसायिक संभावना 3,070 करोड़ रुपये है।
(b) सूची में भारतीय तटरक्षक बल की 16 और रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों की 389 वस्तुएँ शामिल हैं।
(c) सूची में शामिल वस्तुओं की निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद भी उनकी खरीद मुख्यतः विदेशी कंपनियों से की जाएगी।
(d) स्वदेशीकरण प्रक्रिया में उद्योगों विशेषकर एमएसएमई की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।।
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • अगस्त, 2026 में रक्षा उत्पादन विभाग (डीडीपी) ने आत्मनिर्भर भारत पहल के अंतर्गत सामरिक महत्त्व की 405 वस्तुओं की छठी सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची (PIL) अधिसूचित की है।
  • इस सूची में शामिल वस्तुओं का अनुमानित व्यावसायिक संभावना 3,070 करोड़ रुपये है।
  • इसमें भारतीय तटरक्षक बल की 16 तथा रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (DPSUs) की 389 वस्तुएँ शामिल हैं।
  • इस सूची में लाइन रिप्लेसेबल यूनिट, सब-सिस्टम, सब-असेंबली, स्पेयर पार्ट्स, कंपोनेंट और कच्चा माल शामिल हैं।
  • संबंधित रक्षा प्लेटफॉर्मों में उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर, हल्का उपयोगिता हेलीकॉप्टर, सुखोई-30 एमकेआई, हल्का लड़ाकू विमान और एएल-31एफपी इंजन शामिल हैं।
  • बख्तरबंद प्लेटफॉर्मों में टी-72, टी-90 और बीएमपी-II, जबकि मिसाइल प्रणालियों में कोंकर्स-एम, इन्वार और एमआरएसएएम शामिल हैं।
  • सूची में युद्धपोत, रडार, सोनार, अग्नि नियंत्रण व उपग्रह संचार प्रणालियाँ तथा टैंक-रोधी गोला-बारूद भी सम्मिलित हैं।
  • प्रत्येक वस्तु के स्वदेशीकरण की सांकेतिक समयसीमा निर्धारित है।
  • समयसीमा के बाद इनकी खरीद भारतीय उद्योगों से की जाएगी।
  • स्वदेशीकरण में एमएसएमई और स्टार्टअप्स की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
    ० सृजन रक्षा पोर्टल –
  • अगस्त 2020 में शुरू यह पोर्टल उद्योगों को स्वदेशी विकास हेतु रक्षा सामग्री उपलब्ध कराता है।
  • जून 2026 तक पोर्टल पर 33,000 से अधिक वस्तुएँ प्रस्तुत की गईं।
  • पहली पाँच सूचियों में कुल 5,012 वस्तुएँ अधिसूचित थीं।
  • पिछले पाँच वर्षों में 15,700 से अधिक वस्तुओं का स्वदेशीकरण हुआ, जिससे लगभग 9,000 करोड़ रुपये का आयात प्रतिस्थापन हुआ।
  • मार्च 2026 तक रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (DPSUs) ने घरेलू विक्रेताओं को लगभग 10,000 करोड़ रुपये के खरीद आदेश दिए।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2300754&reg=48&lang=2

https://newsonair.gov.in/hi/atmanirbhar-bharat-405-indigenous-items-list