प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-सा कथन भारती (BHARATI) पहल के संदर्भ में सही नहीं है?
(a) भारती का पूर्ण रूप है – Bharat’s Hub for Agritech, Resilience, Advancement and Incubation for Export Enablement.
(b) इस पहल का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, यूएई के विदेश व्यापार मंत्री और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री ने किया।
(c) भारती पहल का मुख्य लक्ष्य भारत के कृषि-खाद्य निर्यात को वर्ष 2030 तक 100 बिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।
(d) इस पहल में जीआई-टैग उत्पादों, ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों, सुपरफूड्स, आयुष उत्पादों और नवीन प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों को वैश्विक पहचान दिलाने पर बल दिया गया है।
उत्तर – (c)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 2 सितंबर, 2025 को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने भारती (BHARATI) पहल का शुभारंभ किया।
- इसका पूर्ण रूप है – Bharat’s Hub for Agritech, Resilience, Advancement and Incubation for Export Enablement (भारत की कृषि प्रौद्योगिकी, लचीलापन, उन्नति और निर्यात सक्षमता हेतु इनक्यूबेशन केंद्र)।
- इस पहल का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, संयुक्त अरब अमीरात के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जायोदी और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने संयुक्त रूप से किया।
- भारती का मुख्य उद्देश्य 100 कृषि-खाद्य और कृषि-प्रौद्योगिकी आधारित स्टार्टअप्स को सशक्त बनाना, नवाचार को बढ़ावा देना और भारत के कृषि-खाद्य निर्यात को वर्ष 2030 तक 50 बिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।
- सितंबर, 2025 से शुरू होने वाले इस पायलट कार्यक्रम में चयनित स्टार्टअप्स को उत्पाद विकास, निर्यात तैयारी, नियामक अनुपालन और बाज़ार तक पहुंच जैसे आयामों पर तीन माह तक प्रशिक्षित किया जाएगा।
- यह पहल केवल निर्यात वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीआई-टैग वाले उत्पादों, ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों, सुपरफूड्स, आयुष (AYUSH) उत्पादों और नवीन प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास है।
- साथ ही, इसमें आधुनिक तकनीकों – जैसे एआई (AI) आधारित गुणवत्ता नियंत्रण, ब्लॉकचेन-सक्षम ट्रेसेबिलिटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स सक्षम कोल्ड चेन और एग्री-फिनटेक को अपनाने पर बल दिया गया है।
- इनोवेटिव पैकेजिंग, स्थिरता और लॉजिस्टिक्स संबंधी चुनौतियों का समाधान भी इस पहल का हिस्सा है।
- भारती कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसे एक सहयोगी पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
- यह कार्यक्रम एक सहयोगी पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देकर, कृषि-खाद्य नवप्रवर्तकों, तकनीक-संचालित समाधान प्रदाताओं और एसपीएस-टीबीटी-केंद्रित स्टार्टअप्स को जोड़ेगा।
- भविष्य में भारती को एक वार्षिक इनक्यूबेशन कार्यक्रम के रूप में विस्तारित किया जाएगा, ताकि सतत नवाचार और निर्यात वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…