पुंछ में जनजातीय पर्यटन ग्राम के विकास को मंजूरी

प्रश्न – 17 सितंबर, 2026 को जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा पुंछ जिले के बेहरी कसाब में स्वीकृत जनजातीय पर्यटन ग्राम परियोजना के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) यह परियोजना पुंछ जिले के मेंढर उपमंडल में विकसित की जाएगी।
(b) परियोजना के लिए 10.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
(c) परियोजना का वित्तपोषण केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना से किया जाएगा।
(d) इसका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति, शिल्प, खान-पान और पारंपरिक जीवनशैली को संरक्षित एवं प्रदर्शित करना है।
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 17 सितंबर, 2026 को जम्मू-कश्मीर सरकार ने पुंछ जिले के मेंढर उपमंडल में स्थित बेहरी कसाब (Behri Qasab) में एक अत्याधुनिक जनजातीय पर्यटन ग्राम विकसित करने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की।
  • मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने इस परियोजना के लिए 10.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
  • इस परियोजना का वित्तपोषण जम्मू-कश्मीर के पूंजीगत व्यय बजट 2026-27 (Capex Budget 2026-27) से किया जाएगा।
  • इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के जनजातीय समुदायों की विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं, शिल्प, खान-पान और पारंपरिक जीवनशैली को संरक्षित एवं प्रदर्शित करना है।
  • प्रस्तावित पर्यटन ग्राम पुंछ आने वाले पर्यटकों के लिए एक नए आकर्षण के रूप में विकसित किया जाएगा।
  • परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी ढाँचा सुदृढ़ होगा और पर्यटन गतिविधियों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ेगी।
  • इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उत्पन्न होने की संभावना है।
  • साथ ही, बेहरी कसाब और मेंढर क्षेत्र को जम्मू-कश्मीर के व्यापक पर्यटन परिपथ से जोड़ने में सहायता मिलेगी।
  • अगस्त 2026 में जम्मू-कश्मीर के जनजातीय कार्य मंत्री जावेद अहमद राणा ने संबंधित परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://newsonair.gov.in/hi/jammu-kashmir-govt-approves-modern-tribal-tourism-village-in-poonch https://twitter.com/CM_JnK/status/2100567014251413602