चांदनी चौक का टाउन हॉल बनेगा वैश्विक विरासत केंद्र

प्रश्न – चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल को ‘वैश्विक विरासत केंद्र’ के रूप में विकसित करने से संबंधित निम्नलिखित में से कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) 20 सितंबर, 2026 को इस परियोजना के लिए समझौता दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) और दिल्ली नगर निगम के बीच हुआ।
(b) इस परियोजना के अंतर्गत टाउन हॉल, प्रेस भवन और आसपास के पार्क का संरक्षण एवं पुनर्विकास किया जाएगा।
(c) समझौते के बाद ऐतिहासिक परिसर का स्वामित्व डीटीटीडीसी) को हस्तांतरित हो जाएगा।
(d) समझौते की प्रारंभिक अवधि 30 वर्ष है, जिसे आपसी सहमति से अगले 30 वर्षों के लिए बढ़ाया जा सकता है।
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 20 सितंबर, 2026 को दिल्ली पर्यटन एवं परि़वहन विकास निगम और दिल्ली नगर निगम (MCD) ने चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल को ‘वैश्विक विरासत केंद्र’ (Global Heritage Centre) के रूप में विकसित करने के लिए समझौता – ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
  • समझौते पर हस्ताक्षर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में किए गए।
  • इस परियोजना के अंतर्गत टाउन हॉल, उससे सटे प्रेस भवन तथा आसपास के पार्क का संरक्षण और पुनर्विकास किया जाएगा।
  • लगभग 12,180 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैले इस ऐतिहासिक परिसर का स्वामित्व दिल्ली नगर निगम के पास ही रहेगा।
  • प्रस्तावित वैश्विक विरासत केंद्र में संग्रहालय, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्थान और देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए विभिन्न पर्यटन सुविधाएँ विकसित की जाएँगी।
  • परिसर से संबंधित विरासत सामग्री, पुरालेखीय अभिलेख, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियाँ भी दिल्ली नगर निगम के स्वामित्व में रहेंगी।
  • डीटीटीडीसी परिसर का विस्तृत सर्वेक्षण और संरचनात्मक आकलन करने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करेगा।
  • DPR के आधार पर परियोजना को सरकारी निवेश अथवा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के माध्यम से विकसित करने का निर्णय लिया जाएगा।
  • समझौते की प्रारंभिक अवधि 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
  • जिसे दोनों पक्षों की सहमति से इसे अगले 30 वर्षों के लिए बढ़ाया जा सकेगा।
  • परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए डीटीटीडीसी और दिल्ली नगर निगम के प्रतिनिधियों का एक संयुक्त कार्यसमूह गठित किया जाएगा।
  • इस परियोजना का उद्देश्य भवन के मूल ऐतिहासिक एवं स्थापत्य स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए उसका अनुकूल पुनः उपयोग करना तथा पुरानी दिल्ली में विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
  • ऐतिहासिक टाउन हॉल चांदनी चौक और ऐतिहासिक शाहजहानाबाद क्षेत्र में स्थित है।
  • इसका निर्माण 1860 से 1866 के बीच किया गया था और इसे ग्रेड-I विरासत परिसर का दर्जा प्राप्त है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.thehindu.com/news/cities/Delhi/chandni-chowks-town-hall-to-be-developed-as-global-heritage-centre-cm/article71488860.ece