आईसीएआर-आईएनटीए कार्य योजना (2025–27) पर हस्ताक्षर

प्रश्न – 17 दिसंबर, 2025 को भारत–अर्जेंटीना के बीच हस्ताक्षरित आईसीएआर-आईएनटीए कार्य योजना (2025–27) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए। इनमें से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) इस कार्य योजना के अंतर्गत शून्य जुताई, सूक्ष्म सिंचाई, डिजिटल कृषि और जैव-सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।
(b) जर्मप्लाज़्म सहयोग के अंतर्गत सोयाबीन, सूरजमुखी, मक्का, ब्लूबेरी, साइट्रस तथा जंगली पपीता प्रजातियाँ शामिल हैं।
(c) इस योजना के तहत परमाणु ऊर्जा के कृषि अनुप्रयोग और समुद्री मत्स्य पालन अनुसंधान को मुख्य सहयोग क्षेत्र बनाया गया है।
(d) सहयोग का क्रियान्वयन संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, जर्मप्लाज़्म के आदान–प्रदान, विशेषज्ञों के संवाद और प्रशिक्षण यात्राओं के माध्यम से किया जाएगा।
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 17 दिसंबर, 2025 को भारत और अर्जेंटीना ने कृषि अनुसंधान, क्षमता निर्माण तथा प्रौद्योगिकी आदान–प्रदान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आईसीएआर-आईएनटीए कार्य योजना (2025–27) पर हस्ताक्षर किए।
  • इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक एवं कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव डॉ. एम. एल. जाट तथा भारत में अर्जेंटीना के राजदूत एच.ई. मारियानो ऑगस्टिन कौसिनो ने हस्ताक्षरित कार्ययोजना का आदान–प्रदान किया।
  • कार्ययोजना के अंतर्गत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, सतत कृषि पद्धतियाँ, शून्य जुताई, कृषि यंत्रीकरण, सूक्ष्म सिंचाई एवं फर्टिगेशन, फसल और पशु जैव-प्रौद्योगिकी, पशुधन सुधार, डिजिटल कृषि, जैव-सुरक्षा एवं फाइटोसैनिटरी उपाय, तथा मूल्य श्रृंखला विकास जैसे व्यापक क्षेत्रों में सहयोग स्थापित किया गया है।
  • इस सहयोग का क्रियान्वयन संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, जर्मप्लाज़्म (आनुवंशिक संसाधन) के आदान–प्रदान, विशेषज्ञों के पारस्परिक संवाद तथा प्रशिक्षण एवं अध्ययन यात्राओं के माध्यम से किया जाएगा।
  • इसके अंतर्गत ग्रीनहाउस सब्ज़ी उत्पादन, पुष्पकृषि, समशीतोष्ण फल, कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी, फंक्शनल फूड विकास, पशु चिकित्सा निदान, प्रिसिजन लाइवस्टॉक फार्मिंग, वेस्ट-टू-वेल्थ तकनीक, माइक्रोबियल फीड संवर्धन और डिजिटल कृषि जैसे उन्नत विषय शामिल हैं।
  • जर्मप्लाज़्म सहयोग के तहत सोयाबीन, सूरजमुखी, मक्का, ब्लूबेरी, साइट्रस, जंगली पपीता प्रजातियाँ, अमरूद एवं चयनित सब्ज़ी फसलें शामिल की गई हैं।
  • इसके साथ ही दोनों देश तेलहन एवं दलहन मूल्य श्रृंखलाओं, कृषि यंत्रीकरण (जैसे शून्य जुताई तकनीक, कपास कटाई मशीनें और ड्रोन), तथा बागवानी अवसंरचना और रोपण सामग्री के विकास में भी मिलकर कार्य करेंगे।
  • इस योजना के अंतर्गत, पादप और पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में खुरपका-मुँहपका रोग के उन्मूलन के लिए क्षेत्र-विशिष्ट रणनीतियों और तकनीकी विनिमय एवं सर्वोत्तम पद्धतियों को साझा करने और टिड्डी निगरानी और प्रबंधन पर सहयोग की परिकल्पना की गई है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2205117&reg=3&lang=1#:~:text=The%20Indian%20Council%20of%20Agricultural,capacity%20building%2C%20and%20technology%20exchange.

https://www.newsonair.gov.in/india-and-argentina-sign-work-plan-2025-27-to-boost-bilateral-agricultural-research-technology-exchange