मिशन समृद्ध गाँव

प्रश्न – ‘मिशन समृद्ध गाँव’ के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –

  1. इसका शुभारंभ 25 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में किया गया।
  2. इसका उद्देश्य गरीबी-मुक्त, रोजगारयुक्त, आत्मनिर्भर एवं सुविधासंपन्न गाँवों का समग्र मॉडल विकसित करना है।
  3. प्रारंभिक पायलट परियोजना उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में संयुक्त रूप से लागू की जाएगी।
    उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?
    (a) केवल 1 और 2
    (b) केवल 2 और 3
    (c) केवल 1 और 3
    (d) 1, 2 और 3
    उत्तर – (a)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • 25 अगस्त, 2026 को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में ‘मिशन समृद्ध गाँव’ का शुभारंभ किया।
  • इसका उद्देश्य गरीबी-मुक्त, रोजगारयुक्त, आत्मनिर्भर और बुनियादी सुविधाओं से संपन्न गाँवों के विकास के लिए एक समग्र एवं एकीकृत मॉडल तैयार करना है।
  • इस मिशन के अंतर्गत प्रारंभिक पायलट मॉडल मध्य प्रदेश के दो विकासखंडों- बुदनी विकासखंड (सीहोर जिला) और खातेगाँव विकासखंड (देवास जिला) में लागू किया जाएगा।
  • इस पायलट परियोजना की सफलता के बाद इस मॉडल को देश के अन्य क्षेत्रों में लागू करने की योजना है।
  • प्रत्येक परिवार की आवश्यकताओं और पात्रता का आकलन करके उसे केंद्र एवं राज्य सरकार की उपयुक्त योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
  • विकास-योजना परिवार, ग्राम पंचायत और विकासखंड स्तर पर तैयार की जाएगी।
  • इसमें कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के अभिसरण पर जोर दिया जाएगा।
  • प्रत्येक परिवार को रोजगार अथवा आजीविका का अवसर उपलब्ध कराकर मजबूरी में होने वाले पलायन को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
  • छोटी और सीमित कृषि जोत वाले किसानों की आय बढ़ाने के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली को प्रोत्साहित किया जाएगा।
  • किसानों को अनाज उत्पादन के साथ फल-सब्जी उत्पादन, मत्स्यपालन, बकरीपालन, पशुपालन, कुक्कुटपालन और मधुमक्खीपालन जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
  • वेयरहाउस, खाद्य प्रसंस्करण और मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देकर किसानों की आय तथा स्थानीय रोजगार में वृद्धि की जाएगी।
  • इस मिशन में महिला किसानों की पहचान, कृषि संबंधी परामर्श एवं आवश्यक जानकारी की उपलब्धता तथा ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के साधनों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
  • ‘लखपति दीदी’ जैसे सफल मॉडलों को अन्य गाँवों में दोहराने का प्रयास भी किया जाएगा।
  • मिशन के क्रियान्वयन में सरकार, प्रशासन, पंचायती राज संस्थाओं, नागरिक समाज और निजी क्षेत्र के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।
  • इसमें ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन, गेट्स फाउंडेशन, एक्सिस बैंक फाउंडेशन, एचएसबीसी और सिटीबैंक जैसी सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी प्रस्तावित है।
  • यह मिशन समृद्ध गाँव कोई एकल योजना न होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और संस्थागत प्रयासों के अभिसरण पर आधारित समग्र ग्रामीण विकास का प्रयोगात्मक मॉडल है।
  • इसका लक्ष्य समृद्ध गाँवों के माध्यम से विकसित भारत की नींव मजबूत करना है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleaseDetail.aspx?PRID=2303284&reg=48&lang=2

https://ddindia.co.in/2026/08/mission-samriddh-gaon-aims-to-create-poverty-free-employment-rich-villages-chouhan