“स्किल्स फॉर द फ्यूचर: ट्रांसफॉर्मिंग इंडियाज वर्कफोर्स लैंडस्केप” शीर्षक रिपोर्ट का विमोचन

प्रश्न – “स्किल्स फॉर द फ्यूचर: ट्रांसफॉर्मिंग इंडियाज वर्कफोर्स लैंडस्केप” रिपोर्ट के संदर्भ में निम्नलिखित में से कौन सा कथन सही नहीं है?
(a) यह रिपोर्ट प्रतिस्पर्धात्मकता संस्थान द्वारा तैयार की गई है और भारत के कौशल परिदृश्य का डेटा-आधारित विश्लेषण प्रस्तुत करती है।
(b) रिपोर्ट में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण (TVET) का कोई उल्लेख नहीं है क्योंकि यह केवल उच्च शिक्षा पर केंद्रित है।
(c) रिपोर्ट में PLFS (2023-24) का विश्लेषण कर यह बताया गया है कि भारत की 88% कार्यबल कम दक्षता वाले व्यवसायों में संलग्न है।
(d) रिपोर्ट में आईटी एवं आईटीईएस, वस्त्र एवं परिधान, इलेक्ट्रॉनिक्स, हेल्थकेयर, सौंदर्य एवं वेलनेस जैसे क्षेत्रों को व्यावसायिक प्रशिक्षण के प्रमुख क्षेत्र बताया गया है।
उत्तर – (b)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 27 जून, 2025 को कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री, जयंत चौधरी ने नई दिल्ली में “स्किल्स फॉर द फ्यूचर: ट्रांसफॉर्मिंग इंडियाज वर्कफोर्स लैंडस्केप” शीर्षक वाली एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट का लोकार्पण किया।
  • यह रिपोर्ट प्रतिस्पर्धात्मकता संस्थान द्वारा तैयार की गई है और यह भारत के कौशल परिदृश्य का साक्ष्य-आधारित, डेटा-केंद्रित मूल्यांकन प्रस्तुत करती है।
  • रिपोर्ट में विशेष रूप से शैक्षिक उपलब्धियों, व्यावसायिक वितरण, और तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण (TVET) के स्तर का गहन विश्लेषण किया गया है।
  • यह रिपोर्ट उभरती हुई ज्ञान-संचालित वैश्विक अर्थव्यवस्था की पृष्ठभूमि में भारत के कौशल संबंधी परिदृश्य का एक डेटा-आधारित विश्लेषण है।
  • इस रिपोर्ट में उपयोगी जानकारी प्राप्त करने और आगे का रास्ता सुझाने के लिए आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के इकाई-स्तरीय विश्लेषण का उपयोग किया गया है।
  • पीएलएफएस (2023-24) के विश्लेषण के अनुसार, भारत की 88% कार्यबल कम दक्षता वाले व्यवसायो में संलग्न है, जबकि मात्र 10–12% कार्यबल उच्च दक्षता वाले कार्यों में कार्यरत है।
  • पीएलएफएस (2023-24) डेटा का उपयोग करके, भारत में व्यावसायिक प्रशिक्षण के 66 प्रतिशत से अधिक हिस्से के लिए जिम्मेदार पांच क्षेत्रों (आईटी एवं आईटीईएस, वस्त्र एवं परिधान, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य सेवा एवं लाइफ साइंसेज और सौंदर्य एवं कल्याण) की पहचान की गई है।
  • इसके अलावा, प्रतिस्पर्धात्मकता ढांचा विश्लेषण का उपयोग करके इन क्षेत्रों के भीतर पांच उच्च-संभावित क्षेत्रों की पहचान की गई है।
  • यह विश्लेषण पीएलएफएस, पीएमकेवीवाई 4.0 डैशबोर्ड, सेक्टर स्किल काउंसिल (एसएससी) डैशबोर्ड और राष्ट्रीय प्रशिक्षुता संवर्धन योजना (एनएपीएस) से हासिल डेटा को समन्वित करता है ताकि प्रशिक्षण, प्रमाणन और उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप क्षेत्र विशेष की रुझानों का मूल्यांकन किया जा सके।
  • इस रिपोर्ट में एक सुदृढ़ व भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार श्रमशक्ति को विकसित करने हेतु बहुआयामी एवं लक्षित उपायों की सिफारिश की गई है।
  • इसमें कौशल संबंधी आवश्यकताओं के बारे में अनुमान लगाने, लक्षित साक्ष्य-आधारित सुधारों और नीतियों को संभव बनाने हेतु एक समर्पित, मानकीकृत डेटा संग्रह प्रणाली की भी सिफारिश की है।
  • इसके अलावा, उद्योगों को कौशल-प्रमाणित प्रतिभा पूल से भर्ती करने और उन्हें उच्च वेतन देने के अलावा बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण का सृजन करने की जवाबदेही लेने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2140231