विश्व सिकल सेल दिवस

प्रश्न – प्रतिवर्ष ‘विश्व सिकल सेल दिवस’ कब मनाया जाता है?
(a) 15 जून (b) 17 जून
(c) 12 जून (d) 19 जून
उत्तर – (d)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 19 जून, 2026 को संपूर्ण विश्व में ‘विश्व सिकल सेल दिवस’ (World Sickle Cell Day) मनाया गया।
  • यह दिवस सिकल सेल रोग, इसके उपचार के उपायों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और विश्व भर में इस रोग पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए मनाया जाता है।
  • उल्लेखनीय है कि 22 दिसंबर, 2008 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रतिवर्ष 19 जून को इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी।
  • पहली बार यह दिवस वर्ष 2009 में मनाया गया था।
  • सिकल सेल रोग या सिकल सेल एनीमिया (रक्ताल्पता) लाल रक्त कोशिकाओं (RBC) की एक प्रमुख वंशानुगत असामान्यता है, जिसमें इन (RBC) का आकार अर्धचंद्र/हंसिया (सिकल) जैसा हो जाता है।
  • ये असामान्य आकार की आरबीसी कठोर और चिपचिपी हो जाती है और रक्त वाहिकाओं में फंस जाती हैं, जिससे शरीर के कई हिस्सों में रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह कम या रुक जाता है।
  • यह आरबीसी के जीवनकाल को भी कम करता है तथा एनीमिया का कारण बनता है, जिसे सिकल सेल एनीमिया के नाम से जाना जाता है।
  • सिकल सेल रोग के लक्षणों में गंभीर एनीमिया, दर्द के प्रकरण, चक्कर आना, अंग क्षति या विफलता, गंभीर संक्रमण, स्ट्रोक, सिरदर्द, यकृत, की समस्याएं जोड़ों की समस्याएं और हृदय की समस्याएं शामिल हैं।
  • भारत में यह बीमारी व्यापक रूप से कई जनजातीय समूहों में पाई जाती है।
  • मुख्य रूप से झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात और उत्तरी तमिलनाडु व केरल में नीलगिरी पहाड़ियों के कुछ इलाकों में प्रचलित है।
  • इस दिवस के अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्रालय ,भारत सरकार ने सिकल सेल बीमारी की दवा के विकास के लिए भगवान बिरसा मुंडा पुरस्कार की घोषणा की।
  • इसके साथ ही एम्स दिल्ली के अंतर्गत आदिवासी स्वास्थ्य और अनुसंधान संस्थान के लिए एक उन्नत केंद्र की स्थापना की घोषणा की गई
  • गौरतलब है की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1 जुलाई, 2023 को सिकल सेल एनीमिया को समाप्त करने के लिए शहडोल, मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय मिशन का शुभारंभ किया था।
  • जनजातीय कार्य मंत्रालय (एमओटीए) जनजातीय जनसंख्या के बीच जागरूकता पैदा करने वाली गतिविधियों के माध्यम से मिशन में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) का सहयोग कर रहा है।
  • इस राष्ट्रीय मिशन का उद्देश्य वर्ष 2047 के अंत तक सिकल सेल एनीमिया को देश से समाप्त करना है।

लेखक- विवेक त्रिपाठी

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2275077&reg=48&lang=2