“स्टार्टअप्स, महिला एवं युवा लाभ ई-लेन-देन (एसडब्ल्यूएवाईएटीटी)” पहल की 6वीं वर्षगांठ

प्रश्न – “स्टार्टअप्स, महिला एवं युवा लाभ ई-लेनदेन (एसडब्ल्यूएवाईएटीटी)” पहल के 6 वर्ष पूरे होने से संबंधित निम्न कथनों पर विचार कीजिए?
1. 19 फरवरी, 2025 को सरकार के ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) ने अपनी “स्टार्टअप्स, महिला एवं युवा लाभ ई-लेन-देन (एसडब्ल्यूएवाईएटीटी)” पहल की 6वीं वर्षगांठ मनाई।
2. जीईएम के “सामाजिक समावेशन” के सिद्धांत पर आधारित यह पहल, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs), स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और समाज के पिछड़े वर्गों के लिए सरल व्यापार प्रणाली और प्रत्यक्ष बाजार संपर्क उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा कथन सही है –
(a) केवल (1)
(b) केवल (2)
(c) (1) और (2) दोनों
(d) उपर्युक्त सभी
उत्तर – (c)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 19 फरवरी, 2025 को सरकार के ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) ने अपनी “स्टार्टअप्स, महिला एवं युवा लाभ ई-लेन-देन (एसडब्ल्यूएवाईएटीटी)” पहल की 6वीं वर्षगांठ मनाई।
  • 19 फरवरी, 2019 को शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में महिला उद्यमियों और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
  • जीईएम के “सामाजिक समावेशन” के सिद्धांत पर आधारित यह पहल, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs), स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और समाज के पिछड़े वर्गों के लिए सरल व्यापार प्रणाली और प्रत्यक्ष बाजार संपर्क उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।
  • यह पहल छोटे व्यवसायों को सरकारी खरीद प्रक्रिया में शामिल करने, प्रशिक्षण देने और ऑनबोर्डिंग की सुविधा प्रदान करने पर केंद्रित रही है।
  • इस अवसर पर, जीईएम ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की महिला संगठन (FICCI-FLO) के साथ एक समझौता – ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
  • FICCI-FLO देशभर की 9,500 से अधिक महिला उद्यमियों का प्रतिनिधित्व करता है।
  • इस साझेदारी के माध्यम से महिला उद्यमियों को सरकारी खरीदारों से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बेहतर मूल्य निर्धारण, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा।
  • एसडब्ल्यूएवाईएटीटी की शुरुआत में केवल 6,300 महिला उद्यमी और 3,400 स्टार्टअप पंजीकृत थे, लेकिन अब इसमें कई गुना वृद्धि हुई है।
  • जीईएम के माध्यम से स्टार्टअप्स ने 35,950 करोड़ रुपये के ऑर्डर पूरे किए।
  • जीईएम पर कुल विक्रेताओं में 8% महिला उद्यमी हैं।
  • 1,77,786 महिला सूक्ष्म और लघु उद्यम (एमएसई) (उद्यम-सत्यापित) जीईएम पर पंजीकृत हैं, जिन्होंने 46,615 करोड़ रुपये के ऑर्डर पूरे किए।
  • एसडब्ल्यूएवाईएटीटी पहल के तहत“स्टार्टअप रनवे” और “वुमनिया” स्टोरफ्रंट बनाए गए हैं, जहां स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों और युवाओं के उत्पादों को सरकार के लाखों खरीदारों के समक्ष पेश किया जाता है।
  • जीईएम का लक्ष्य – 1 लाख उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) -पंजीकृत स्टार्टअप्स को जीईएम प्लेटफॉर्म पर शामिल करना, महिला उद्यमियों की संख्या दोगुनी करना और सार्वजनिक खरीद में महिलाओं की भागीदारी को वर्तमान 3.78% से अधिक करना है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह 

संबंधित लिंक भी देखें…

https://pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2106129