राष्ट्रीय आय के द्वितीय अग्रिम अनुमान, 2016-17 और तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर), 2016-17 के जीडीपी के तिमाही अनुमान जारी

Second Advance Estimates of National Income, 2016-17 And Quarterly Estimates of Gross Domestic Product for The Third Quarter (OCT-DEC), 2016-17

प्रश्न-28 फरवरी, 2017 को केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (CSO) ने स्थिर मूल्यों (2011-12) और वर्तमान मूल्यों पर राष्ट्रीय आय के द्वितीय अग्रिम अनुमान 2016-17 और तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर), 2016-17 के लिए जीडीपी के तिमाही अनुमान जारी किए। इसके अनुसार वर्ष 2016-17 में जीडीपी वृद्धि दर कितने प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है?
(a) 7.1 प्रतिशत
(b) 7.8 प्रतिशत
(c) 7.9 प्रतिशत
(d) 6.9 प्रतिशत
उत्तर-(a)
संबंधित तथ्य

  • 28 फरवरी, 2017 को केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (CSO) ने वित्त वर्ष 2016-17 के लिए स्थिर मूल्यों (2011-12) और वर्तमान मूल्यों पर तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर, 2016-17) के लिए जीडीपी के तिमाही अनुमान तथा राष्ट्रीय आय के द्वितीय अग्रिम अनुमान जारी किए।
  • स्थिर मूल्यों (2011-12) और वर्तमान मूल्यों पर वित्त वर्ष 2016-17 और चालू वित्त वर्ष की प्रथम, द्वितीय और तृतीय तिमाहियों के लिए जीडीपी वृद्धि दरें निम्न हैं-
    (i) वार्षिक 2016-17 (द्वितीय अग्रिम अनुमान)-7.1% (स्थिर मूल्य), 11.5% (वर्तमान मूल्य)
    (ii) पहली तिमाही 2016-17 (अप्रैल-जून) 7.2% (स्थिर मूल्य), 10.8% वर्तमान मूल्य।
    (iii) दूसरी तिमाही 2016-17 (जुलाई-सितंबर) 7.4% (स्थिर मूल्य), 11.8% (वर्तमान मूल्य)
    (iv) तीसरी तिमाही 2016-17 (अक्टूबर-दिसंबर) 7.0% (स्थिर मूल्य), 10.6% (वर्तमान मूल्य)।
  • स्थिर मूल्यों पर अनुमान
  • वर्ष 2016-17 में स्थिर (2011-12) मूल्यों पर वास्तविक जीडीपी के बढ़कर 121.65 लाख करोड़ हो जाने का अनुमान लगाया गया है।
  • जबकि वर्ष 2015-16 के लिए प्रथम संशोधित अनुमान में जीडीपी को 113.58 लाख करोड़ आंका गया था।
  • वर्ष 2016-17 में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर 7.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है, जबकि वर्ष 2015-16 में जीडीपी वृद्धि दर 7.9 प्रतिशत आंकी गई थी।
  • गौरतलब है कि यह जीडीपी वृद्धि दर नोटबंदी के बाद की है।
  • कृषि, वानिकी एवं मत्स्य पालन में 4.4 प्रतिशत, खनन एवं उत्खनन में 1.3 प्रतिशत, विद्युत गैस, जलापूर्ति एवं अन्य उपयोगी सेवाओं में 6.6 प्रतिशत, निर्माण में 3.1 प्रतिशत और वित्तीय अचल संपत्ति एवं प्रोफेशनल सेवाओं की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है।
  • इसके अलावा लोक प्रशासन रक्षा एवं अन्य सेवाएं, विनिर्माण, व्यापार, होटल, परिवहन, संचार एवं प्रसारण से जुड़ी सेवाएं आदि में 7.0 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि दर दर्ज की गई है।
  • वर्ष 2016-17 के दौरान प्रति व्यक्ति आय के बढ़कर 82,112 रु. हो जाने की संभावना है, जो वर्ष 2015-16 में 77524 रु. थी।
  • वर्ष 2016-17 के दौरान प्रति व्यक्ति आय की वृद्धि दर 5.9 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है, जो वर्ष 2015-16 में 6.6 प्रतिशत थी।
  • वर्तमान मूल्यों पर अनुमान
  • वर्ष 2016-17 में वर्तमान मूल्यों पर जीडीपी के बढ़कर 152.51 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच जाने की संभावना है, जो वर्ष 2015-16 में 136.75 लाख करोड़ रुपये आंकी गई थी। यह 11.5 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्शाती है।
  • वर्ष 2016-17 के दौरान सांकेतिक शुद्ध राष्ट्रीय आय (NNI), जिसे राष्ट्रीय आय (वर्तमान मूल्यों पर) भी कहा जाता है, 134.86 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो वर्ष 2015-16 में 120.83 लाख करोड़ रुपये थी।
  • वृद्धि दर के लिहाज से राष्ट्रीय आय ने वर्ष 2016-17 में 11.6 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की है। जबकि वर्ष 2015-16 में वृद्धि दर 10.2 प्रतिशत आंकी गई थी।

संबंधित लिंक
http://pib.nic.in/newsite/hindirelease.aspx?relid=59765
http://pib.nic.in/newsite/PrintRelease.aspx?relid=158734