भारत के तीन स्थल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल

TWO sites inscribed on UNESCO’s World Heritage List

प्रश्न-15 जुलाई, 2016 को यूनेस्को की ‘विश्व धरोहर संबंधी वैश्विक समिति’ ने नालंदा महाविहार के पुरातात्विक स्थल (नालंदा विश्वविद्यालय) को विश्व धरोहर सूची में शामिल किया। इससे पूर्व बिहार का कौन-सा स्थल इस सूची में शामिल किया गया था?
(a) महाबोधि मंदिर परिसर
(b) राजगीर बौद्ध विहार
(c) सीतामढ़ी
(d) महाबोधि बौद्ध विहार
उत्तर-(a)
संबंधित तथ्य

  • 10-20 जुलाई, 2016 के मध्य ‘संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन’ (UNESCO) की ‘विश्व धरोहर संबंधी वैश्विक समिति’ (World Heritage Committee) की 40वीं बैठक इस्तांबुल  (तुर्की) में आयोजित की जा रही है।
  • इस 10 दिवसीय बैठक के दौरान 15 जुलाई, 2016 को समिति ने विश्व भर के कुल 4 स्थलों को यूनेस्को की ‘विश्व धरोहर सूची’ (World Heritage List) में शामिल किया।
  • इसमें बिहार राज्य के नालंदा महाविहार पुरातात्विक स्थल (नालंदा विश्वविद्यालय) को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया।
  • इस सूची में शामिल यह बिहार राज्य का दूसरा स्थल है।
  • इससे पूर्व वर्ष 2002 में बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था।
  • ज्ञातव्य है कि इसके पूर्व यूनेस्को की विश्व धरोहर संबंधी वैश्विक समिति की कतर की राजधानी दोहा में आयोजित 38वीं बैठक में जून, 2014 को गुजरात राज्य के पाटण में स्थित प्रसिद्ध बावड़ी (सीढ़ीदार कुआं) ‘रानी-की-वाव’ तथा हिमाचल प्रदेश राज्य के ‘ग्रेट हिमालयन राष्ट्रीय उद्यान’ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था।
  • नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों की खोज अलेक्जेंडर कनिंघम ने की थी।
  • पुरातात्विक और साहित्यिक साक्ष्यों के आधार पर माना जाता है कि नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना 450 ई. के आस-पास गुप्त वंश के शासक कुमार गुप्त ने की थी।
  • यह दुनिया का पहला आवासीय विश्वविद्यालय था, जिसमें दुनिया भर से लगभग 10 हजार छात्र रहकर शिक्षा लेते थे।
  • यहां आने वाले छात्रों में बौद्ध अनुयायिओं की संख्या ज्यादा थी।
  • यह विश्वविद्यालय 13वीं शताब्दी तक बना रहा लेकिन तुर्क आक्रमणकारी बख्तियार खिलजी ने इस विश्वविद्यालय को जला डाला।
  • 17 जुलाई, 2016 को समिति ने भारत के दो अन्य स्थलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया।
  • चंडीगढ़ के कैपिटल कांपलेक्स और सिक्किम के राष्ट्रीय अभ्यारण्य को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया।
  • सिक्किम का राष्ट्रीय अभ्यारण्य विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी खांग्चेंदजोंगा (Khangchendzonga) पर स्थित है।
  • वर्तमान में भारत के कुल 35 स्थल विश्व धरोहर सूची में शामिल हो चुके हैं, जिनमें से 27 को सांस्कृतिक श्रेणी जबकि 7 को प्राकृतिक और 1 को मिश्रितश्रेणी में स्थान प्राप्त हुआ है।

संबंधित लिंक भी देखें…
http://whc.unesco.org/en/statesparties/in
http://whc.unesco.org/en/news/1524
http://whc.unesco.org/en/news/1530/